गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को मारी टक्कर, 4 की मौत

UP News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक दुखद और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. यहां जगतपुर पुलिस थाना क्षेत्र के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे कई लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में कुल चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

भोज से लौट रहे थे लोग

पुलिस ने बताया कि यह हादसा जगतपुर पुलिस थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास तब हुआ, जब कोडर गांव के निवासी चुली गांव में आयोजित सामुदायिक भोज से लौट रहे थे. पुलिस के मुताबिक निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर ये लोग सेल्फी ले रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी. दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई. अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया. वहां, दो और लड़कियों की मौत हो गई. अन्य का इलाज जारी है.

हादसे में घायल और मृतक

पुलिस ने बताया कि हिमांशी (23) और शालिनी (22) नाम की दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रश्मी (14) और आसमा (22) ने बाद में दम तोड़ दिया. पुलिस के मुताबिक हादसे में रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (नौ), मीना (22) और रेशमा (14) घायल हुई हैं, जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया है. 

कार चालक मौके से फरार

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है. घटना की जानकारी होने पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर तथा पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए. पुलिस अधीक्षक ने बताया, ”यह दुर्घटना निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार के कारण हुई. चार लोगों की मौत हो गई है और चार अन्य घायल हो गए हैं. वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं.” 

इसे भी पढ़ें:-जानकी जयंती आज, विधि-विधान से पूजा और व्रत करने से जीवन में आयेगी सुख-समृद्धि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *