Har Ghar Tiranga: उपराष्ट्रपति ने सांसदों की बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी, ये केंद्रीय मंत्री हुए शामिल

New Delhi: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को दिल्ली के प्रगति मैदान से बीजेपी सांसदों की ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, अनुराग ठाकुर और शोभा करंदलाजे भी मौजूद रहे। यह रैली कई इलाकों से गुजरी। हाथों में तिरंगा झंडा लिए बड़ी संख्‍या में सांसद और अन्‍य लोग इस दौरान नजर आए। हालांकि तिरंगा यात्रा के चलते राजधानी को जाम से भी दो-चार होना पड़ा।

बता दें, आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में 13 से 15 अगस्त तक पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ मनाया जाएगा। इसमें लोगों को अपने-अपने घरों पर झंडे फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अभियान की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आज से सांसदों और मंत्रियों के साथ एक ‘तिरंगा’ बाइक रैली आयोजित की जा रही है। यह बाइक रैली इंडिया गेट सर्किल पर पहुंचेगी। इसके बाद रैली इंडिया गेट परिसर से होते हुए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में समाप्त होगी।

हर कोई बने इसका हिस्सा: जी किशन रेड्डी
‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली से पहले केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि आने वाले 15 अगस्त को देश के नागरिक अपने घरों पर तिरंगा लगाएं। यह ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ का समापन कार्यक्रम है। हर किसी को इसका हिस्सा बनना चाहिए।

घरों में लगाएं तिरंगा
वहीं, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को 15 अगस्त और 26 जनवरी को अपने घरों में तिरंगा लगाना चाहिए। यह नागरिकों का कर्तव्य है। इस साल 15 अगस्त इसलिए खास है। यह आजादी का अमृत महोत्सव के समापन का प्रतीक है। यह संदेश देने के लिए आज बाइक रैली आयोजित की गई है कि हर कोई तिरंगा फहराए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *