Delhi: दिल्ली पुलिस की उत्तरी जिला इकाई को एक बड़ी सफलता मिली है. 25 फरवरी को कश्मीरी गेट इलाके में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री और उनकी टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुख्य आरोपी रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
हमले के बाद फरार हो गया था आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी रोहित गोदारा गैंग का सदस्य है. इस हमले के बाद वह फरार हो गया था. पुलिस ने लॉरेंस के वकील और उसके साथियों के ऊपर गोली चलाने के मामले में गिरफ्तार किया है. फिलहाल आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है. इस फायरिंग केस को लेकर पुलिस द्वारा कारणों का भी पता लगाया जा रहा है.
साथ ही पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधनिक कार्रवाई करने में जुट गई है. पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की भी आशंका जताई गई है, जिसको लेकर भी पुलिस आरोपी से पता लगाने का प्रयास कर रही है. पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों को जल्द उजागर किया जाएगा.
क्या था पूरा मामला?
25 फरवरी की रात करीब 10:15 बजे, लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री अपनी टीम के साथ कश्मीरी गेट स्थित मरघट वाले बाबा मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे. इसी दौरान स्कूटी सवार तीन हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की. कार में कुल 5 लोग सवार थे. ड्राइवर ऋषभ की सूझबूझ से कार को तुरंत सिविल लाइंस की ओर ले जाया गया, जिससे सबकी जान बच सकी. हालांकि, कार की पिछली सीट पर बैठे संदीप नामक व्यक्ति के कंधे में गोली लगी.
इसे भी पढ़ें:-चंद्र ग्रहण के दौरान जरूर करें ये आसान उपाय, घर से दूर होगी नेगेटिविटी