चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह, 1 हफ्ते में 5.18 लाख लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन

Char Dham Yatra 2026 : उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में इस बार भारी उत्साह देखा जा रहा है. इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही है. यात्रा शुरू होने से पहले ही पंजीकरण के आंकड़ों ने पिछले कई रिकॉर्ड्स को चुनौती देना शुरू कर दिया है. 6 मार्च से शुरू हुई पंजीकरण प्रक्रिया के मात्र एक सप्ताह के भीतर ही 5.18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है. यह संख्या दर्शाती है कि इस साल केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ने वाला है.

केदारनाथ धाम के लिए सबसे ज्यादा पंजीकरण

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए अब तक 1,73,157 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है, जो सभी धामों में सबसे अधिक है. इसके बाद बदरीनाथ धाम के लिए 1,52,478 तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण किया है. वहीं गंगोत्री धाम के लिए 97,622 और यमुनोत्री धाम के लिए 95,606 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है.

यात्रियों के लिए सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित व्यवस्थाएं

प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग भी यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. यात्रा मार्गों की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए हैं.

प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था और पर्यटन से जुड़ी सबसे बड़ी धार्मिक यात्रा है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. यात्रियों की सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को समय पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. 

इसे भी पढ़ें:-राज्यसभा की 11 सीटों के लिए मतदान जारी, तीन राज्यों में कड़ा मुकाबला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *