UP News: यूपी के मुरादाबाद में सोमवार को सुबह हुए सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल हो गया है. जानकारी के मुताबिक दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मनकरा मोड़ के पास रामपुर की दिशा से आ रही एक कार अपने आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली में घुस गई. हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से निकाला.
दिल्ली जा रहे थे कार सवार
यह हादसा मुरादाबाद मे दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर हुआ. सभी मृतक उत्तराखंड के नैनीताल एवं हल्द्वानी के रहने वाले बताए जा रहे हैं. सभी हल्द्वानी से दिल्ली जा रहे थे तभी तेज रफ़्तार कार इटों से भरे ट्रेक्टर ट्रॉली मे पीछे से जा घुसी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद मूंढापांडे सीएचसी पहुंचाया गया. जहां डाक्टरों ने कार सवार पांच युवकों में से चार को मृत घोषित कर दिया.
ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के मुताबिक हादसे में दयाल रावत निवासी वीमिला कंपाउंड पालीवाल, नैनीताल, अनिल नेगी (38), सुंदर सैनी (42) और भुवन भंडारी (37) निवासी हल्द्वानी की मौत हो गई. वहीं कार चालक यशदीप पांडे निवासी हल्द्वानी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है. हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:-चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह, 1 हफ्ते में 5.18 लाख लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन