Vande Bharat Express: पीएम मोदी ने असम को दी पहली वंदे भारत की सौगात

Assam News: पीएम नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को असम को पहली वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग  के जरिए वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव और असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद रहें।  बता दें कि उत्तर-पूर्व की ओर जाने वाली वंदे भारत पश्चिम बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन और असम में गुवाहाटी के बीच चलेगी।  इस अवसर पर उन्होंने नव विद्युतीकृत खंडों को राष्ट्र को समर्पित भी किया और नवनिर्मित डेमू व एमईएमयू शेड का भी उद्घाटन किया।

पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाने के बाद अपने संबोधन में कहा कि आज असम सहित पूरे उत्तर पूर्व की रेल कनेक्टिविटी के लिए एक बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस यहां रहने वाले लोगों के जीवन को आसान बनाएगी और इससे राज्य के पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्‍होंने कहा कि बीते 9 साल, भारत के लिए अभूतपूर्व उपलब्धियों के रहे हैं। नए भारत के निर्माण के रहे हैं। कल ही देश को आजाद भारत की भव्य-दिव्य आधुनिक संसद मिली है। ये भारत के हजारों वर्ष पुराने लोकतांत्रिक इतिहास को हमारे समृद्ध लोकतांत्रिक भविष्य से जोड़ने वाली संसद है।

उन्होंने आगे कहा कि आज असम सहित पूरे उत्तर पूर्व के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। उत्तर पूर्व की कनेक्टिविटी से जुड़े तीन काम हो रहे हैं। उत्तर पूर्व को पहली मेड इन इंडिया वंदे भारत मिल रही है। दूसरा ये पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाली तीसरी वंदे भारत है और असम और मेघालय के लगभग 425 किमी ट्रैक पर विद्युतीकरण का काम पूरा हो गया है। लामडिंग में नवनिर्मित डेमो मेमो शेड का भी आज लोकार्पण हुआ है

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर के काम की पूरी दुनिया में बहुत चर्चा हो रही है। क्योंकि यही इंफ्रास्ट्रक्चर तो जीवन आसान बनाता है। यही इंफ्रास्ट्रक्चर तो रोज़गार के अवसर बनाता है। यही इंफ्रास्ट्रक्चर तेज़ विकास का आधार है। यही इंफ्रास्ट्रक्चर गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी, ऐसे हर वंचित को सशक्त करता है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण के इस काम से सबसे अधिक लाभ अगर किसी को हुआ है तो वह पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत है।

वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज से 10 वर्ष पहले तक नॉर्थ ईस्ट के बारे में केवल लूक ईस्ट की पॉलिसी होती थी। पीएम मोदी ने आकर उसको बदला और एक्ट ईस्ट की पॉलिसी लेकर आए। उन्होंने कहा कि नॉर्थ ईस्ट में अब वंदे भारत ट्रेन आपको सेवा देगी। वर्ल्ड क्लास ट्रेन, जिसकी हम पहले विदेशों की वीडियो देखा करते थे वह अब हमारे देश में आपकी सेवा में है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *