देश के 19 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी, 70 की स्पीड से चलेंगी हवाएं

Weather news: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है. मौसम विभाग के अनुसार, भारत के कई हिस्सों में 31 मई तक ओलावृष्टि, धूल भरी आंधी और बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले दो से तीन दिनों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए काफ़ी अनुकूल हो गया है.

इन राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार और रविवार को यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और गोवा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इसके साथ 60-70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है.

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का बड़ा बदलाव

दिल्ली-एनसीआर में 30 और 31 मई को मौसम पूरी तरह से बदलने के आसार बन रहे हैं और यह बदलाव सिर्फ हल्की बारिश तक सीमित नहीं रहने वाला है. कई इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने, होर्डिंग्स उड़ने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं.

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 30-31 मई को राज्य के कई जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मेरठ, लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, गोरखपुर और बरेली जैसे बड़े शहरों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. पश्चिमी और पूर्वी यूपी दोनों क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही तेज रहेगी और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो सामान्य स्थिति से काफी ज्यादा है.

बिहार में मौसम का तूफानी असर

बिहार में 30 मई को मौसम बेहद सक्रिय रहने वाला है और राज्य के कई जिलों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है. पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, पटना, सारण, सिवान, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. दिन के समय अचानक मौसम बदल सकता है और आसमान में घने बादल छा सकते हैं. गरज-चमक के साथ तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी बन सकती है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज

मध्य प्रदेश में मौसम पूरी तरह से बदल चुका है और पन्ना, रीवा, छतरपुर, सिवनी, भोपाल और इंदौर जैसे जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. कई जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है.

वहीं छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में मौसम अस्थिर बना हुआ है. यहां हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. दोनों राज्यों में तापमान में गिरावट आएगी और लंबे समय से चल रही गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन अचानक बदलते मौसम से सावधानी जरूरी है.

पंजाब-हरियाणा में तेज आंधी और ओलावृष्टि का खतरा

पंजाब और हरियाणा में 30 और 31 मई को मौसम पूरी तरह सक्रिय रहने वाला है और कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. चंडीगढ़, अंबाला, करनाल, लुधियाना, अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है. इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो सामान्य जीवन को प्रभावित कर सकती हैं.

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट

  • उत्तराखंड में पिथौरागढ़, चमोली, देहरादून और उत्तरकाशी में 31 मई को भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की स्थिति भी बन सकती है, जिससे यात्रा प्रभावित हो सकती है.
  • हिमाचल प्रदेश में शिमला, कुल्लू, किन्नौर और मंडी जैसे क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं जम्मू-कश्मीर में कई जिलों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.

इसे भी पढ़ें:-अज्ञान,असंतोष और आसक्ति ही दुःख का मूल कारण: दिव्य मोरारी बापू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *