New Delhi: दिल्ली के करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने इस काम को पूरा करने के लिए 40 दिन का समय तय किया है। इस दौरान करमपुरा शिवदास पुरी रोड से कीर्ति नगर रोड (पटेल रोड) होते हुए शादीपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। बता दें कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को इस रूट से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर 2 चरणों में बंद होगा
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। पहले चरण में 9 अक्टूबर तक करमपुरा से कीर्ति नगर की ओर जाने वाला कैरिजवे बंद रहेगा। इसके बाद 10 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक कीर्ति नगर से करमपुरा की ओर जाने वाला कैरिजवे बंद रहेगा। हालांकि, इस दौरान सर्विस रोड वाहनों के लिए खुली रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
बता दें कि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के शाहीन बाग के पास रोड नंबर 13-ए पर ट्रैफिक को सिग्नल फ्री करने के लिए यू-टर्न बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी इस काम पर करीब 22 लाख रुपये खर्च करेगा। फिलहाल शाहीन बाग के पास ट्रैफिक सिग्नल के कारण इस सड़क पर लंबा जाम लगता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जाम की समस्या कम करने के लिए सिग्नल हटाकर यू-टर्न बनाने का सुझाव दिया था। अधिकारियों के मुताबिक, इस काम को करीब 2 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। यू-टर्न बनने के बाद इस हिस्से में वाहनों की आवाजाही को ज्यादा सुगम बनाने की कोशिश की जाएगी।