देश के नए CDS बनेंगे लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि, मिलिट्री की संभालेंगे कमान

Delhi: भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल रिटायर्ड एन एस राजा सुब्रमणि को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है. सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वह कार्यभार संभालने की तारीख से अगले आदेश तक भारत सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभाएंगे. वर्तमान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान 30 मई 2026 को अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं. इसके बाद लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि यह जिम्मेदारी संभालेंगे.

कौन हैं एन एस राजा सुब्रमणि?

लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि 1 सितंबर, 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार हैं. इससे पहले, वे 1 जुलाई, 2024 से 31 जुलाई, 2025 तक सेना स्टाफ के उप प्रमुख और मार्च 2023 से जून 2024 तक केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ थे.

शैक्षणिक पृष्ठभूमि और सम्मान

खड़गवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी से स्नातक होने के बाद उन्होंने दिसंबर 1985 में गढ़वाल राइफल्स के साथ अपने करियर की शुरुआत की. इसके अतिरिक्त, उन्होंने इससे पहले लखनऊ स्थित केंद्रीय कमान का नेतृत्व भी किया था.

अपनी बुनियादी प्रशिक्षण के अलावा, उन्होंने ब्रिटेन के ब्रैक्नेल स्थित ‘ज्वाइंट सर्विसेज कमांड स्टाफ कॉलेज’ और नई दिल्ली स्थित ‘राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज’ में भी प्रशिक्षण प्राप्त किया. उनकी शैक्षणिक योग्यताओं में लंदन के ‘किंग्स कॉलेज’ से ‘मास्टर ऑफ आर्ट्स’ और मद्रास विश्वविद्यालय से ‘रक्षा अध्ययन’ (Defence Studies) में ‘एम.फिल.’ की उपाधियां शामिल हैं.

अपनी विशिष्ट सेवा के लिए, उन्हें ‘परम विशिष्ट सेवा पदक’ (PVSM), ‘अति विशिष्ट सेवा पदक’ (AVSM), ‘सेना पदक’ (SM) और ‘विशिष्ट सेवा पदक’ (VSM) से सम्मानित किया गया है.

इसे भी पढ़ें:-Petrol Diesel Price: कहीं राहत तो कहीं बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें अपने शहर का ताजा रेट्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *