केंद्र सरकार ने प्रवासी मजदूरों के हित में लिया बड़ा फैसला, सभी राज्यों में सिलेंडर की होगी दोगुनी सप्लाई

Business News: केंद्र सरकार ने देशभर के विभिन्न राज्यों में एलपीजी सिलिंडर में आई बाधाओं के बीच एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आवंटित होने वाले 5 किलोग्राम के एलपीजी सिलिंडरों की मात्रा दोगुनी करने का निर्णय लिया है. यह कदम प्रवासी मजदूरों और समाज के कमजोर वर्गों को ईंधन की कमी से बचाने और उन्हें कालाबाजारी से रोकने के लिए उठाया गया है. सबसे खास बात यह है कि इस पांच किलो के सिलिंडर को सिर्फ पहचान पत्र दिखाकर आसानी से खरीदा जा सकता है.

कोटे में बढ़ोतरी और वितरण का नया ढांचा

पेट्रोलियम मंत्रालय की एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सिलिंडर का यह बढ़ा हुआ आवंटन प्रवासी श्रमिकों को प्रदान की जाने वाली औसत दैनिक आपूर्ति पर आधारित होगा. यह संशोधित नया आवंटन सरकार द्वारा मार्च में घोषित की गई 20 प्रतिशत की पिछली सीमा के पार चला गया है. 

सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये अतिरिक्त पांच किलो वाले एफटीएल सिलिंडर सीधे राज्य सरकारों और उनके खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभागों को सौंपे जाएंगे. इन सिलेंडरों का वितरण तेल विपणन कंपनियों की सहायता से विशेष रूप से केवल प्रवासी मजदूरों के लिए ही किया जाएगा, ताकि लक्षित वर्ग तक इसका लाभ पहुंच सके.

5 किलो वाला सिलिंडर लेने के लिए क्या करना होगा?

केंद्र सरकार ने 5-किलो वाले ‘फ्री ट्रेड एलपीजी’ सिलिंडर को अब बिना एड्रेस प्रूफ देने की अनुमति दे दी है. इसे लेने के लिए अपने पास के एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाना होगा. जहां आप सिर्फ अपनी एक वैध आईडी कार्ड दिखाकर इसे खरीद सकते हैं. इस बात का ध्यान रखें कि पांच किलो वाला छोटू सिलिंडर सिर्फ घरेलू यूज के लिए है. इनका कामर्शियल उपयोग पूरी तरह वर्जित है.

बुकिंग के नए नियम और ऊर्जा प्रबंधन
  • रिफाइनरी आउटपुट: मांग पूरी करने के लिए रिफाइनरियों का उत्पादन बढ़ाया जा रहा है.
  • बुकिंग अंतराल में बदलाव: गैस बुकिंग का समय बढ़ाकर शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन तक कर दिया गया है.
  • वैकल्पिक ईंधन की व्यवस्था: एलपीजी पर से दबाव कम करने के लिए मिट्टी का तेल और कोयले जैसे वैकल्पिक ईंधनों को भी उपलब्ध कराया गया है. 
  • पीएनजी का विस्तार: सभी राज्यों को पीएनजी कनेक्शन का नेटवर्क तेज गति से विस्तारित करने की सलाह दी गई है.

इसे भी पढ़ें:-आगरा में विशाल टाउनशिप का होगा निर्माण, सीएम योगी देंगे ₹5142 करोड़ की ‘ग्रेटर आगरा’ योजना की सौगात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *