दिल्ली में अभी 4 दिन तक जारी रहेगा शीतलहर का सितम

नई दिल्ली। दिल्‍ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में लगातार शीतलहर की स्थिति और गंभीर होती जा रही है। अगले चार दिनों तक शीतलहर से राहत के आसार नहीं हैं। दिल्ली में मौसम बेहद सर्द बना हुआ है और आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को कई क्षेत्रों में देर सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। पश्चिमी व उत्तर-पश्चिमी हवाओं से लोग ठिठुरते रहे। दिल्ली-एनसीआर में धूप तो खिली, लेकिन सिहरन से कोई राहत नहीं मिली। पंजाब के कई इलाकों में पाला पड़ने की संभावना है।

दिल्ली में रविवार को रात का पारा 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.9 डिग्री नीचे है। आईएमडी के अनुसार अगले चार दिनों तक शीतलहर से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। राजधानी में सोमवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। रात के पारे में और गिरावट हो सकती है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

श्रीनगर और जम्मू में सीजन की सबसे सर्द रात:-  

श्रीनगर और जम्मू क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री गिरकर 4.1 और श्रीनगर में माइनस 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में 31 दिसंबर तक पारे में और गिरावट आ सकती है। चिल्ला कलां के बीच कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लेह और कारगिल में भी कई जगह पारा अधिक गिरने से नलों में पानी जम गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार सोमवार को कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसका असर 29 दिसंबर को भी देखने को मिलेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *