साधना भजन करके निजधाम जाने के लिये मिला है मानव जीवन: पंकज जी महाराज

Ghazipur: विश्‍व विख्यात परम सन्त बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के उत्तराधिकारी एवं जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज गाजीपुर के 83 दिवसीय जनजागरण यात्रा के अन्तिम पड़ाव पर ग्राम पलहीपुर पधारे. भारी संख्या में उपस्थित स्थानीय भाई-बहनों व सहयोगी संगत जिला-चन्दौली ने इस काफिले का भव्य स्वागत किया. अपने सत्संग संदेश में महाराज जी ने कहा कि सत्संग वह जल है जहां कौआ स्नान करता है तो हंस बनकर निकलता है. ‘‘सत्संग जल जो कोई पावे मैलाई सब कटि-कटि जावै.’’ सत्संग से मन, बुद्धि, चित्त, निर्मल होता है. सत्संग से ही हमें ज्ञात होता है कि हम कौन हैं? कहां से आये हैं? और शरीर छूटने के बाद कहां जाना है?

महात्माओं के सत्संग से हमें ज्ञात होता है कि यह संसार हमारा नहीं है. ये रिश्‍ते-नाते, यह परिवार, यहां तक कि यह शरीर भी हमारा नहीं है. यह जो कुछ भी दिखाई देता है वह सब माया की छाया है. एक निश्चित समय के लिये जाति, बिरादरी, धन दौलत, पद प्रतिष्‍ठा मिली हुई है, आपकी श्‍वासों की पूंजी जब समाप्त होगी तो आपका सब कुछ यहीं रह जायेगा. जिस शरीर पर आप गुमान करते हो वह यहीं पर जलाकर खाक कर दिया जायेगा या तो जमीन में दफना दिया जायेगा. इसलिये अब भी समय है, घर गृहस्थी में रहते हुये अपने काम, मेहनत व ईमानदारी से करते हुये चौबीस घण्टे में से घण्टा दो घण्टा समय निकाल कर प्रभु का भजन कर लें. आज इतने कालेज, विश्‍वविद्यालय खुलने के बाद भी समाज में व्याप्त हिंसा व अपराध चिन्ता का विषय है.

परिवार, समाज, देश में शान्ति व सुकून देखना चाहते हैं तो मांसाहार व शराब आदि दुर्व्यसनों से दूर रहें. यह कर्मभूमि है, जैसा कर्म करोगे वैसा फल भोगना पड़ेगा. जैसा बीज बोओगे वैसे ही फसल काटोगे. आप सभी से प्रार्थना है कि आप शाकाहारी हो जांय. आज तरह-तरह की असाध्य बीमारियों का मूल कारण मांसाहार है. समाज में हिंसा, अपराध, अनाचार आदि मादक पदार्थों के सेवन से बढ़ रहा है. संत पंकज जी ने सुमिरन, ध्यान, भजन की क्रिया विस्तार से बताते हुये इसे नियमित करने का अनुरोध किया. यह मानव शरीर साधन भजन करके निजधाम जाने के लिये मिला है इस अवसर को न गंवायें. गाजीपुर जनपद में 83 दिन की इस जनजागरण यात्रा को पूरा करने में लगातार अथक परिश्रम करने के लिये सभी आयोजकों व उनके सहयोगियों, साथ ही काफिले में चल रहे सभी सेवादारों की सेवा व परिश्रम की प्रशंसा करते हुये धन्यवाद दिया. सबका जीवन मंगलमय होने की शुभकामना व्यक्त किया. शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन के सहयोग के लिये साधुवाद दिया. जयगुरुदेव आश्रम मथुरा में आगामी 3 से 5 मार्च तक आयोजित होने वाले होली सत्संग मेला में पधारने का निमन्त्रण दिया. 

      इस अवसर पर प्रभाचन्द यादव, जंगबहादुर सिंह यादव, आजाद यादव, सुदर्शन यादव, मिथलेश चौबे, हीरालाल जी, विजय कुमार, चन्द्रमणि, संतोश कुमार चौबे, दिनेश चौहान, संजय यादव, सहयोगी संगत चन्दौली के जसवन्त प्रसाद चौरसिया अपने सहयोगियों सहित मौजूद रहे. जनजागरण यात्रा अपने 83 दिवसीय सत्संग काफिले के कुशलतापूर्वक सम्पन्न होने के बाद जयगुरुदेव आश्रम आगरा-दिल्ली बाईपास, मथुरा के लिये प्रस्थान कर गई. 

इसे भी पढें:- Aaj Ka Rashifal: मेष से मीन तक, जानें किस राशि पर रहेगी भगवान की कृपा? पढ़ें दैनिक राशिफल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *