Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिवाली के दिन एक सनसनीखेज वारदात हुई। राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात 28 वर्षीय जवान सौरभ तोमर को गोली मारकर घायल कर दिया गया। गोली उनके सिर में लगी। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने गोली निकाल दी। फिलहाल सौरभ का मेरठ के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी
सौरभ तोमर राष्ट्रपति के अंगरक्षक (प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड) की घुड़सवार यूनिट में तैनात हैं। दिवाली के अवसर पर वह अपने पैतृक गांव गोपालपुर खड़ाना आए हुए थे। घटना के समय सौरभ अपने 28 वर्षीय भाई विनीत के साथ घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।
सौरभ के पिता जनकराज ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते इंद्रपाल के बेटों धीरज और मोनू ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गोली चलाई, जो दीवार से टकराकर सौरभ के सिर में जा लगी। वहीं, विनीत के सिर पर डंडे से हमला कर उसे भी घायल कर दिया गया।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित
बागपत पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे रमाला थाना पुलिस को गोपालपुर खड़ाना गांव में गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस को बताया गया कि मोनू उर्फ प्रवीण और धीरज ने फायरिंग की, जिसमें गोली दीवार से टकराकर सौरभ को लग गई। इस दौरान विनीत के सिर पर डंडे से वार किया गया।
पुलिस ने जनकराज की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दोनों घायलों का मेरठ में इलाज चल रहा है और पुलिस के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।