UP News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में गोरखपुर के एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई. यह घटना बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर घटी, जब एक SUV की टक्कर सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से हो गई. बेटी की शादी संपन्न कर घर लौट रहे थे परिवार वाले.
कैसे हुआ हादसा
शनिवार रात करीब 2:30 बजे जैसे ही वाहन कुसुम्हा बशारतपुर के पास शारदा सहायक खंड-32 नहर कॉलोनी के सामने पहुंचा, चालक को झपकी आ गई. अनियंत्रित स्कार्पियो (JH 21G3927) पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर ट्रेलर (BR 28GB2171) से भीषण भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी सवार उसमें फंस गए.
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्कार्पियो को काटकर सुबह पांच बजे सभी पांचों शवों को बाहर निकाला. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया.
मृतकों की पहचान हुई
विनय श्रीवास्तव (53), उनके बेटे कृतार्थ श्रीवास्तव (27), पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) निवासी रानीडीहा, थाना खोराबार, जनपद गोरखपुर और रविंद्र यादव (20), पुरुषोत्तम कुमार (28) निवासी मटीहानी, थाना मोहनपुर, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है.
सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है. दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है. इस दर्दनाक घटना से मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
इसे भी पढ़ें:-मणिपुर में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, 3 की मौत, 5 घायल, कई घर जलाए