Business: भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर ने अक्टूबर में मजबूत प्रदर्शन किया, त्योहारी मांग के चलते देशभर में वाहनों की खुदरा बिक्री में सितंबर के मुकाबले 25.05 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के मुताबिक, अक्टूबर में कुल 31,72,466 वाहनों की बिक्री हुई, हालांकि, पिछले साल के इसी महीने की तुलना में बिक्री 23.80 प्रतिशत कम रही, संगठन के अनुसार, सालाना आधार पर आई इस गिरावट की प्रमुख वजह अक्टूबर 2025 का असाधारण रूप से मजबूत आधार रहा।
इस महीने सबसे शानदार प्रदर्शन इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सेगमेंट का रहा, अक्टूबर में इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचकर करीब 3.55 लाख यूनिट रही, यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 44.88 प्रतिशत अधिक है, कुल वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी भी बढ़कर लगभग 11.5 प्रतिशत हो गई, जबकि अक्टूबर 2025 में यह करीब 6 प्रतिशत थी, दोपहिया, तिपहिया, यात्री और वाणिज्यिक वाहन, सभी श्रेणियों में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री के लिहाज से अक्टूबर अब तक का सबसे बेहतर महीना रहा।
पिछले साल के मुकाबले बिक्री में गिरावट की वजह
फाडा अध्यक्ष साई गिरिधर ने बताया कि अक्टूबर 2025 ऑटोमोबाइल बाजार के लिए असाधारण रूप से मजबूत महीना रहा था, उस दौरान नवरात्रि और दीपावली दोनों त्योहार एक ही महीने में पड़े थे, इसके अलावा जीएसटी 2.0 की दरों में कटौती के बाद बनी अतिरिक्त मांग का भी बाजार को फायदा मिला था, इसके विपरीत, इस साल नवरात्रि अक्टूबर में रही, जबकि धनतेरस और दीपावली नवंबर में पड़ने के कारण त्योहारी खरीदारी का बड़ा हिस्सा अगले महीने चला गया।
इसी वजह से सालाना आंकड़ों में गिरावट दिखाई दे रही है, अक्टूबर 2026 में दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 28.35 प्रतिशत और यात्री वाहनों की बिक्री 14.23 प्रतिशत कम रही, वहीं, वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 2.29 प्रतिशत, तिपहिया वाहनों में 3.97 प्रतिशत, ट्रैक्टरों में 3.10 प्रतिशत और निर्माण उपकरणों की बिक्री में 22.07 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सितंबर के मुकाबले 25 प्रतिशत बढ़ी वाहन बिक्री
साई गिरिधर के मुताबिक, अक्टूबर के आंकड़ों को मासिक आधार पर देखने पर बाजार की स्थिति मजबूत नजर आती है, सितंबर की तुलना में कुल वाहन बिक्री में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, उन्होंने कहा कि वास्तविक तस्वीर को देखें तो अक्टूबर इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा अक्टूबर रहा, वहीं, वाणिज्यिक वाहन, तिपहिया और ट्रैक्टर श्रेणियों ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ अक्टूबर प्रदर्शन दर्ज किया।
दोपहिया वाहनों की बिक्री 23.21 लाख यूनिट
अक्टूबर में दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 23,21,419 यूनिट रही, यह सेगमेंट ग्रामीण और त्योहारी मांग पर काफी निर्भर करता है, सालाना आधार पर बिक्री में गिरावट के बावजूद सितंबर के मुकाबले दोपहिया वाहनों की बिक्री 29.67 प्रतिशत बढ़ी, डीलरों के अनुसार, त्योहारी सीजन के दौरान ग्राहकों की आवाजाही अच्छी रही, हालांकि, कुछ क्षेत्रों में कम बारिश और खरीफ फसल कमजोर रहने के कारण ग्रामीण मांग पर दबाव देखने को मिला।
वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 2.29 प्रतिशत की बढ़ोतरी
वाणिज्यिक वाहन सेगमेंट में अक्टूबर के दौरान कुल 1,15,140 यूनिट की बिक्री हुई, यह पिछले साल के मुकाबले 2.29 प्रतिशत और सितंबर की तुलना में 11.19 प्रतिशत अधिक है, इस श्रेणी में भारी वाणिज्यिक वाहनों (HCV) की बिक्री 28.95 प्रतिशत और मध्यम वाणिज्यिक वाहनों (MCV) की बिक्री 21.16 प्रतिशत बढ़ी, हालांकि, हल्के वाणिज्यिक वाहनों (LCV) की बिक्री में 9.57 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।