वृंदावन में दर्दनाक हादसा, जर्जर मकान गिरने से पांच श्रद्धालुओं की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख

Mathura: उत्‍तर प्रदेश में स्थित प्रसिद्ध तीर्थनगरी मथुरा के वृंदावन में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां मंगलवार की शाम को एक जर्जर मकान के ढहने से पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं चार अन्‍य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, यह सभी श्रीबांके बिहारी के दर्शन कर के मंदिर से महज 10 मिनट पहले ही बाहर निकले थे और दुसायत मोहल्ले के निकासी मार्ग से वापस लौट रहे थे। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के पास ही स्नेहबिहारी मंदिर क्षेत्र में एक जर्जर मकान था। इसमें स्थित दुकानों की छत पर दीवार बनी थी। यहीं शाम साढ़े पांच बजे बंदर झगड़ रहे थे, तभी दीवार गिर गई।

ठाकुर श्रीबांके बिहारी मंदिर से महज 200 मीटर दूर निकासी मार्ग पर स्थित एक जर्जर मकान दशकों पुराना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों आई बाढ़-बारिश के बाद मकान और भी खतरनाक स्थिति में आ गया। मंगलवार शाम को 5.45 बजे इसका छज्जा और छत की बाउंड्रीवाल भरभराकर गिर गई। जिससे नीचे से गुजर रहें श्रद्धालु मलबे के नीचे तक गए।  जिसमें 50 वर्षीय गीता कश्यप कानपुर, अरविंद कुमार यादव (35) कानपुर नगर, रश्मि गुप्ता (40) कानपुर नगर, अंजू मुगई (50) वृंदावन, चंदन राय (30) देवरिया की मौके पर मौत हो गई। इनके अलावा 14 वर्षीय खुशीपाल फिरोजाबाद, 30 वर्षीय अनामिका कानपुर, अकांक्षा मुगई (25) वृंदावन, पंकज मारवा (49) फरीदाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीएम योगी ने व्‍यक्‍त की शोक संवेदना

इस हादसे का संज्ञान लेते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यानाथ ने शोकाकुल परिजन के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *