CM Yogi in Ambedkar nagar: बोले सीएम योगी- दुनिया में संकटमोचन के तौर पर बनी पीएम मोदी की छवि

Ambedkar nagar: भारतीय जनता पार्टी के द्वारा प्रत्येक लोकसभा में मोदी सरकार के सेवा के 9 साल पूरे होने को लेकर विशाल जनसभा का आयोजन हो रहा है। इसी कड़ी में यूपी के अंबेडकरनगर जिले में सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने आयोजित जनसभा को संबोधित किया। साथ ही सीएम योगी ने जिले का 1212 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्‍होंने बीते नौ साल में प्रधानमंत्री द्वारा किए गए विकास कार्यो के बारे में बताया। कहा कि बीते नौ साल में पीएम मोदी ने देश को गौरवमयी नेतृत्‍व दिया है। देश की वैश्विक मंचों पर प्रतिष्‍ठा बढ़ी है और जनता में खुशहाली आई है।

भारत को सम्मान की नजर से देखती है दुनिया  

संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अब देश में आतंकवाद, उग्रवाद और नक्सलवाद खात्मे की ओर है। आज दुनिया भारत को सम्मान की नजर से देखती है। दुनिया में पीएम मोदी की छवि संकटमोचन के तौर पर बनी है। अब देश में घुसपैठ नहीं होती है। सर्जिकल स्ट्राइक होती है। उन्होंने कहा कि देश से जल्द ही माओवाद और नक्सलवाद का पूर्ण खात्मा होगा। उन्‍होंने आगे कहा कि पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि कश्मीर से 370 खत्म किया जा सकता है। अब पाक अधिकृत कश्मीर के लोग भारत आना चाहते हैं वो दरिद्र पाकिस्तान नहीं जाना चाहते हैं।

प्रदेश में कानून का राज
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज है। अब कोई भी माफिया किसी गरीब और व्यापारी की संपत्ति पर कब्जा नहीं कर सकता है। अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है। प्रभु श्रीराम अपने घर में विराजमान होंगे। अयोध्या का विकास होगा तो अंबेडकरनगर को भी लाभ होगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में सौ रुपये में से 85 रुपये बिचौलिये खा जाते थे पर अब जनता को पूरा पैसा मिल रहा है। परिवारवाद, तुष्टिकरण और भाई भतीजावाद करने वाले राष्ट्र की चिंता नहीं कर सकते। यह केवल भाजपा ही कर सकती है।

दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना भारत

उन्‍होंने कहा कि यह पीएम मोदी के नेतृत्व का ही कमाल है कि जिस ब्रिटेन ने देश पर शासन किया भारत उसे पीछे कर दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत में राशन मुफ्त मिल रहा है जबकि पाकिस्तान में राशन के लिए मारामारी हो रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *