बिहार के भागलपुर में बड़ा हादसा, पोखरा में डूबने से 6 बच्चों की मौत

Bihar: बिहार के भागलपुर में सोमवार को पोखर में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र का है। तरैटा बहियार स्थित एक पोखर में ये सभी बच्चे नहा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां हैं।

बच्चों के डूबने की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे लोग

बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने शोर-शराबा के बीच बच्चों को पोखर से निकाला। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

अलग-अलग परिवारों के थे हादसे का शिकार हुए बच्चे

सभी बच्चों को पोखर से निकालने के बाद तत्काल उन्हें रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी मृत घोषित कर दिया। ये सभी बच्चे अलग-अलग परिवार के थे। एक साथ छह बच्चों की मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र शोक की लहर दौड़ गई। जिन घरों में करमा-धरमा पर्व को लेकर उत्साह था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है।

करमा-धरमा पर्व के लिए पोखर में स्नान करने के लिए गए थे बच्चे

मृतकों की पहचान ज्योति कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, आयुष कुमार, राहुल कुमार, पूजा कुमारी और विकास कुमार के रूप में हुई है। सभी विष्णु टोला के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे करमा-धरमा पर्व के मौके पर पोखर में स्नान करने के लिए गए थे। बच्चे आपस में साथ थे। इसी दौरान अचानक एक बच्चा गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख दूसरे बच्चे भी उसे बचाने की कोशिश में पानी में उतर गए और सभी डूब गए।

घटना की जांच में जुटी पुलिस

इस हादसे से जहां गांववासी शोक के सागर में डूब गए। वहीं मृतकों के घर कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हैं। हालांकि, पुलिस-प्रशासन की टीम घटना की जांच में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *