Bihar: बिहार स्पेशल टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। छह वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी गुड्डु कुमार को एसटीएफ की विशेष टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2020 में हुए लूट और फायरिंग कांड के बाद से फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, 24 जून को एसटीएफ ने पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान गुड्डु कुमार को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर पंचरुखिया गांव निवासी प्रमोद राय का पुत्र है।
वर्ष 2020 में हुए लूट और फायरिंग कांड के बाद से हुआ फरार
पुलिस के मुताबिक, दिसंबर 2020 में साहेबगंज थाना क्षेत्र के चिकनौटा इलाके में पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी अखिलेश कुमार को रास्ते में रोककर चाकू मारकर घायल कर दिया गया था। इसके बाद बदमाशों ने उसके पास मौजूद जरूरी दस्तावेज और करीब नौ हजार रुपये लूट लिए थे। विरोध करने पर आरोपियों ने कई राउंड फायरिंग भी की थी। जिस घटना के बाद से गुड्डु कुमार लगातार फरार चल रहा था।
आठ आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम
बता दे कि अपराधी गुड्डु कुमार के खिलाफ मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न थानों में लूट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट समेत कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। जो लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे संबंधित थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। साथ ही उसके गिरोह से जुड़े अन्य कई आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है