Manipur: मणिपुर के दो घाटी जिलों से सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। असम राइफल्स और गढ़वाल राइफल्स की खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान में ये गिरफ्तारियां हुईं। पुलिस के मुताबिक, सभी गिरफ्तारियां बुधवार को की गईं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि असम राइफल्स और गढ़वाल राइफल्स को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर इंफाल पूर्वी जिले के माना इंगखोल इलाके से ‘नेशनल रिवोल्यूशनरी फ्रंट ऑफ मणिपुर’ (एनआरएफएम) के 28 वर्षीय एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया। वहीं, इंफाल पश्चिम जिले के चिंगमेइरोंग इलाके से प्रतिबंधित 44 वर्षीय एक सदस्य को पकड़ा गया।
चारों आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए दो अन्य लोगों में एक प्रतिबंधित कांगलेई याओल कन्ना लुप (केवाईकेएल) का सक्रिय सदस्य है, जिसे इंफाल पश्चिम जिले के सागोलटोंगबा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। दूसरा व्यक्ति इंफाल पूर्वी जिले के अहल्लुप इलाके से पकड़ा गया, जिसे पुलिस बताया है कि वह केसीपी (नोंगद्रेनखोंबा) से जुड़ा है। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। बता दें कि कुछ दिनों पहले मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों ने एक वाहन को निशाना बनाकर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई।