लुधियाना ब्लास्ट साजिश में बड़ा खुलासा, पुलिस के शिकंजे में आया गैंगस्टर जस बहबल

Punjab: अंतरराष्ट्रीय आतंकी साजिश के मामले में लुधियाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महानगर की व्यस्त सब्जी मंडी को चीनी हैंड ग्रेनेड से दहलाने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को मलेशिया से डिपोर्ट किए गए कुख्यात गैंगस्टर जसप्रीत सिंह उर्फ जस बहबल को फरीदकोट जेल से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल कर लिया है। जस बहबल, अजय और पवनदीप को कुछ दिन पहले ही मलेशिया से प्रत्यर्पित (एक्सट्राडाइट) कर भारत लाया गया था।

मुख्य साजिशकर्ता के रूप में तलाश

बता दें कि पुलिस तीनों को 27 अक्टूबर को शिवपुरी इलाके से बरामद हुए चाइनीज हैंड ग्रेनेड मामले में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में तलाश रही थी। 27 अक्टूबर को पीसीआर टीम ने शिवपुरी चौक के पास दो संदिग्ध युवकों—कुलदीप और शेखर को एक चमड़े का बैग ले जाते देखा था। संदेह होने पर जब पुलिस ने उन्हें तलाशी के लिए रोका, तो शेखर मौके से भागने में सफल रहा, जबकि कुलदीप को पुलिस ने धर दबोचा. तलाशी के दौरान कुलदीप के चमड़े के बैग से एक जिंदा चाइनीज हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ था, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ गए थे।

गहन पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा

पुलिस के मुताबिकआरोपी कुलदीप से गहन पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि मुक्तसर जेल में बंद दो कैदियों परविंदर सिंह और रमणीक उर्फ अमरीक सिंह ने उन्हें यह ग्रेनेड अमृतसर से लुधियाना लाने का काम सौंपा था। इस साजिश का मुख्य उद्देश्य लुधियाना की भीड़भाड़ वाली सब्जी मंडी के पास ग्रेनेड ब्लास्ट कर भारी तबाही मचाना और पंजाब की शांति को भंग करना था। जांच को आगे बढ़ाते हुए लुधियाना पुलिस ने विभिन्न जेलों में बंद और बाहर सक्रिय साजिशकर्ताओं के पूरे नेटवर्क को बेनकाब किया।

अमरीक सिंह और परविंदर सिंह गिरफ्तार

मुक्तसर जेल से रमणीक उर्फ अमरीक सिंह और परविंदर सिंह उर्फ चिड़ी को गिरफ्तार किया गया। गंगानगर जेल (राजस्थान) से विजय और करणवीर सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया। फरीदकोट जेल से सुखजीत सिंह उर्फ सुख बराड़ और सुखविंदर सिंह को नामजद किया गया। अन्य सहयोगी साजन कुमार, कुलदीप सिंह, शेखर सिंह और अजय सिंह निवासी मुक्तसर साहिब को दबोचा गया।

पूरे नेटवर्क के असली मास्टरमाइंड

बता दें कि इस पूरे मॉड्यूल की कडिय़ां जोड़ते हुए पुलिस को पता चला कि मलेशिया में बैठे अजय मलेशिया, जस बहबल और पवनदीप ही इस पूरे नेटवर्क के असली मास्टरमाइंड हैं। इसके बाद पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाकर तीनों को मलेशिया से भारत डिपोर्ट करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *