सप्ताह के अंत तक कम होगा पारा, बढ़ेगी ठिठुरन

नई दिल्‍ली। पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू होने के बाद मैदानी इलाकों में भी इसका असर दिखना शुरू हो गया है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह के अंत तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कमी होगी। इससे दिन में गर्मी की तपिश कम होने के साथ रात में ठिठुरन का अहसास बढ़ने लगेगा। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 28.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक कम 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 38 से 89 फीसदी दर्ज किया गया। दिनभर धूप छाई रही, लेकिन धूप की तपिश कम रही। शाम होते ही वातावरण में हल्की ठंडक का अहसास बढ़ गया। विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में बादल छाए रहेंगे और मध्यम स्तर तक कोहरा छाया रह सकता है। सप्ताह के अंत तक तापमान में कमी आनी शुरू होगी। इस कड़ी में 15 नवंबर तक अधिकतम पारा 26 व न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
सुबह के समय दिल्ली की सड़कों पर कोहरा छाया रह सकता है। वातावरण में नमी का स्तर अधिक रहने की वजह से मध्यम स्तर तक का कोहरा दर्ज हो सकता है। दिन में मध्यम रफ्तार से हवाएं चलेंगी व सुबह-शाम हल्की ठिठुरन बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *