दिल्‍ली में दो दिन बारिश की है संभावना…

नई दिल्‍ली। राजधानी में करवट लेते मौसम ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में बुधवार की सुबह बीते चार सालों में दूसरी बार सबसे गर्म रही है। सर्द हवाएं थमने के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से चार अधिक 15 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। इससे पहले 2018 में पारा इतना अधिक रिकॉर्ड किया गया था।

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य के बराबर 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर धूप खिली रही और सर्दी से राहत रही। हालांकि शाम होते ही मध्यम रफ्तार से हवाएं चलने की वजह से हल्की सर्दी का अहसास बना रहा। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 58 फीसदी से लेकर 87 फीसदी तक दर्ज किया गया।

बृहस्पतिवार की रात से मौसम करवट लेगा और कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। वहीं शनिवार के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए मध्यम स्तर तक की बारिश की संभावना जताई है। अगले सप्ताह तक अधिकतम पारा 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *