World Earth Day: आज विश्व पृथ्वी दिवस है। हर साल 22 अप्रैल के दिन दुनिया भर में यह दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अहम संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी की रक्षा करना मात्र एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा पवित्र संकल्प है, जिसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाना चाहिए।
पीएम मोदी ने प्लेटफॉर्म एक्स पर दी जानकारी
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “पृथ्वी हमारी माता है और इसके संरक्षण में मानवता का कल्याण निहित है। इसकी रक्षा करना हम सबका केवल दायित्व नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा पवित्र संकल्प भी है। यस्यां वृक्षा वानस्पत्या ध्रुवास्तिष्ठन्ति विश्वहा। पृथिवीं धेनुं प्रदुहां न उदिच्छन्तु नमोऽस्तु पृथिव्यै॥”
जेपी नड्डा ने पृथ्वी दिवस पर दी अपनी प्रतिक्रिया
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी विश्व पृथ्वी दिवस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस दिवस की याद दिलाती है कि हमारे आज के कार्य ही हमारे ग्रह के भविष्य को निर्धारित करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि पर्यावरण संरक्षण को हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
सीएम योगी ने पृथ्वी दिवस की दीं शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर प्रदेशवासियों को विश्व पृथ्वी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “सनातन संस्कृति में धरती को मां के रूप में पूजा जाता है, जो समस्त चराचर जगत का नि:स्वार्थ भाव से पोषण करती है। विश्व पृथ्वी दिवस के इस पावन अवसर पर आइए, हम सभी प्राणदायिनी धरा को प्रदूषण मुक्त और वृक्षों से हरी-भरी बनाने का संकल्प लें।”
पृथ्वी दिवस का मुख्य उद्देश्य
पृथ्वी दिवस का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध होना है। 1970 में शुरू हुआ यह दिवस जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और जैव विविधता के नुकसान के विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रेरित करता है जिसका मुख्य उद्देश्य टिकाऊ जीवन शैली अपनाकर पृथ्वी को बचाना है।
इसे भी पढ़ें:-विधि-विधान-वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खुले केदारनाथ धाम के कपाट, सीएम धामी भी रहे मौजूद