कहीं भीषण गर्मी का टॉर्चर, तो कहीं आंधी-बारिश का कहर, 15 राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट

Weather update: उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में फिलहाल लू और भीषण गर्मी का असर साफ दिख रहा है. दिल्ली समेत पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तापमान लगातार बढ़ रहा है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी लू चलने की संभावना जताई गई है.

15 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 12 घंटों में कई राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है. महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. वहीं, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 26 मई के आसपास केरल में दस्तक देने की उम्मीद है.

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी

दिल्ली-एनसीआर में 19 और 20 मई को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. 21 और 22 मई को हल्की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिन में तेज हवाएं चलेंगी.

उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश 

उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, वाराणसी और गोरखपुर जैसे कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन बाकी हिस्सों में लू का असर रहेगा।

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। जयपुर समेत 19 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। अगले 3-4 दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री और बढ़ सकता है।

मध्य प्रदेश के 55 में से 31 जिले जैसे- ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, सागर में लू की चेतावनी है।

बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़

बिहार की राजधानी पटना में तापमान 37°C रहेगा, लेकिन गया, चंपारण, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है।

झारखंड की राजधानी रांची के साथ जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो सहित कई इलाकों में तेज रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी है।

वहीं, छत्तीसगढ़ में 21 मई तक तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को धूप से बचने और लगातार पानी पीते रहने की सलाह दी है।

पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज

जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मई को बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। इसके बाद 21 से 25 मई तक लू चल सकती है, लेकिन हर दिन दोपहर के बाद हल्की बौछारें गिरेंगी।

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों (जैसे हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर) में पारा 40°C के पार जाएगा, जबकि देहरादून और नैनीताल में तापमान 35-40°C के बीच रहेगा।

हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मनाली जैसे इलाकों में 21 मई को हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। मनाली में न्यूनतम तापमान 3°C तक गिर सकता है।

इसे भी पढ़ें:-वियतनाम पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, हनोई में द्विपक्षीय बैठक हुई संपन्न

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *