यूपी-बिहार समेत 9 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानिए दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

Weather news: पूरे भारत में मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव आ रहा है, क्योंकि कई पश्चिमी विक्षोभ पूरे देश के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं. मौसम विभाग ने 31 मार्च से 5 अप्रैल के बीच बारिश, गरज-चमक के साथ आंधी, तेज हवाओं और तापमान में उतार-चढ़ाव का अनुमान लगाया है. उत्तरी पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ सकती है. उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस तक का उतार-चढ़ाव आ सकता है.

दिल्ली का मौसम

31 मार्च को दिल्ली एनसीआर में हल्के बादल छाये रहने की संभावना है. हल्की बूंदाबांदी से लेकर मध्यम स्तर की बारिश दोपहर और शाम को हो सकती है. 1 अप्रैल से भी मौसम ऐसे रहने के आसार हैं. 3 और 4 अप्रैल को दिल्ली में फिर बूंदाबांदी देखने को मिल सकती हैं. हालांकि तापमान में बहुत ज्यादा कमी नहीं होगी. दिल्ली में 1 अप्रैल से अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री से बढ़ते हुए 3 अप्रैल को 36 से 38 डिग्री तक पहुंच जाएगा. हालांकि फिर थोड़ी गिरावट इसमें आएगी. न्यूनतम तापमान भी 19 से 21 डिग्री के बीच बना रहेगा. 

यूपी-बिहार का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश की आशंका उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम का मिलाजुला स्वरूप देखने को मिलेगा. उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, वहीं कुछ इलाकों में तेज़ धूप भी खिली रहेगी. बिहार में भी ऐसी ही स्थिति रहने वाली है, यहां भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कुछ जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर और दरभंगा जैसे जिलों में तापमान में गिरावट आ सकती है. लखनऊ का अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 20°C, जबकि पटना का अधिकतम 35°C और न्यूनतम 24°C रहने का अनुमान है.

यहां पर बारिश के साथ पड़ेंगे ओले

मौसम विभाग के अनुसार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और ओडिशा में 31 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि होने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में 31 मार्च और 01 अप्रैल को, असम, मेघालय, त्रिपुरा में 31 मार्च को भारी बारिश होने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में 03 से 05 अप्रैल के दौरान, पश्चिमी राजस्थान में 02 से 04 अप्रैल के दौरान, पूर्वी राजस्थान में 03 और 04 अप्रैल को, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 04 और 05 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही, कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं.

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 3 और 04 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश/बर्फ़बारी होने की संभावना है. इसके साथ ही, कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज़ हवाएं (40-50 kmph की रफ़्तार से) भी चल सकती हैं.

इसे भी पढ़ें:-प्रभु विषयक प्रेम रस में है अनोखी मिठास: दिव्य मोरारी बापू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *