Weather News: देश इस समय मौसम के दोहरे मिजाज से जूझ रहा है। एक ओर जहां उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में तेज आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले पांच से छह दिनों तक कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर बना रहेगा।
दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी का दौर लगातार तेज हो रहा है। अगले तीन दिनों- 20 से 22 मई तक हीटवेव का सामना करना पड़ेगा। 23 मई से मौसम में हल्का सुधार देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश में सूर्यदेव का रौद्र रूप जारी है। बांदा जिले में पारा 47.6°C के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री के पार जाने की संभावना है। आगरा, नोएडा, जालौन, बरेली, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में तेज आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल आदि शामिल हैं। कुछ राज्यों में हल्की तो कुछ में भारी बारिश का अलर्ट है।