Today Weather: देश भर में बीते दिनों हुई बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक मौसम में भारी बदलाव देखने को मिल रहा है. जहां एक ओर गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर तेज हवाएं, बिजली गिरने और भारी बारिश से खतरे भी बढ़ सकते हैं. देश के करीब 15 राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है.
दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने राहत भरा रुख दिखाया है. तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, इससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है. दिन के समय धूप जरूर निकल रही है लेकिन उसकी तीव्रता पहले के मुकाबले कम महसूस हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 मई को एक बार फिर से मौसम करवट ले सकता है और आंधी के साथ बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. फिलहाल वीकेंड पर आसमान आंशिक रूप से साफ रहने की संभावना है, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी इससे उमस और हल्की ठंडक दोनों का एहसास हो सकता है. अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी गिरावट बनी रह सकती है. इसके अलावा मौसमी गतिविधियों के चलते वायु गुणवत्ता (AQI) में भी सुधार देखा जा रहा है, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिहाज से एक सकारात्मक संकेत है.
यूपी में मौसम का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आने वाले 48 से 72 घंटे मौसम के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं. मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है. कई जिलों में अचानक तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके चलते पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है. अच्छी बात यह है कि तापमान में 5 से 6 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी. कई शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना जताई गई है. हालांकि, किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह मौसम चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है, क्योंकि ओलावृष्टि फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है.
बिहार में बारिश की चेतावनी
बिहार में भी मौसम ने करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से राहत दी है, लेकिन इसके साथ ही खतरे के संकेत भी दिखाई दे रहे हैं. पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले दो दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि, इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. खेतों में काम कर रहे किसानों को मौसम खराब होने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है. साथ ही, जलभराव और सड़क पर फिसलन जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो सकता है.
पहाड़ी राज्यों में सुहावना मौसम
पहाड़ी इलाकों की बात करें तो उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आज मौसम सुहावना रहने के आसार हैं. इन राज्यों में कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं मौसम विभाग ने हल्की बारिश या गरज-चमक की चेतावनी भी दी है. यहां आज का तापमान 20-28 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं. इसके अलावा पंजाब और हरियाणा के भी कई इलाकों में आज हल्के बादल छाए रहेंगे. कुल मिलाकर कहें तो यहां भी लोगों को तेज धूप से राहत मिलने वाली है. राजस्थान में लोगों को आज भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार यहां का तापमान 45-47 डिग्री तक पहुंच सकता है.
दक्षिण भारत में भी बारिश
दक्षिण भारत के राज्यों जैसे केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी इन दिनों हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल रही है. मौसम विभाग के अनुसार प्री-मानसून एक्टिविटी सक्रिय होने के कारण यहां के कई इलाकों में बारिश के साथ बादल और गरज-चमक देखी जा रही है. बारिश की वजह से यहां का तापमान 30-33 डिग्री के बीच रहने की आशंका जताई गई है.
इसे भी पढे़ं:-Gold Price: सोने-चांदी की कीमत में भारी बढ़ोतरी, जानें आज का ताजा रेट