New Delhi: स्वतंत्रता दिवसके ऐतिहासिक अवसर पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने यात्रियों और लाल किले के समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों की सुविधा के लिए अहम घोषणा की है। समारोह में पहुंचने वाले लोगों की आसानी के लिए 15 अगस्त को दिल्ली मेट्रो की सेवाएं तड़के 4 बजे से ही शुरू कर दी जाएंगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अनुसार, 15 अगस्त को टर्मिनल स्टेशनों से पहली मेट्रो सुबह 4 बजे उपलब्ध होगी। शुरुआती समय में मेट्रो की फ्रीक्वेंसी सामान्य दिनों की तुलना में कम रहेगी। सुबह 4 बजे से करीब 6 बजे तक ट्रेनें हर 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। इसके बाद करीब 6 बजे से मेट्रो का संचालन अपने सामान्य समय और नियमित फ्रीक्वेंसी के अनुसार होने लगेगा। वहीं, मेट्रो स्टेशन की एंट्री गेट पहली तय ट्रेन के आने से लगभग 10-15 मिनट पहले खुल जाएंगे। यानी जो लोग स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए सुबह जल्दी निकलना चाहते हैं, उनके लिए मेट्रो सबसे सुविधाजनक विकल्पों में से एक होगी।
विशेष मेहमानों के लिए 1.30 लाख क्यूआर टिकट
लाल किले पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के लिए रक्षा मंत्रालय द्वारा विशेष मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। यातायात को सुगम बनाने और मेहमानों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के लिए रक्षा मंत्रालय ने लगभग 1.30 लाख विशेष क्यूआर टिकट जारी किए हैं।