यूपी-बिहार में बदला मौसम का मिजाज, लोगो को गर्मी से मिली राहत

Delhi: राजधानी दिल्ली में पूरे दिन कभी बारिश, कभी आंधी तो कभी धूप का मौसम बना हुआ है। हालांकि बारिश की वजह से तापमान में गिरावट जरूर दर्ज की गई है। दिल्ली समेत नोएडा और आस-पास के इलाकों में गुरुवार को ओलावृष्टि भी हुई, जिसके बाद गर्मी से राहत मिली है। दिल्ली में मौसम लगातार करवट ले रहा है। इस बीच आइये जानते हैं कि आज यानी शुक्रवार को मौसम कैसा रहेगा और आने वाले दिनों भी मौसम में क्या बदलाव होने वाला है। दिल्ली के अलावा देश के अन्य राज्यों में भी मौसम से जुड़ी हर जानकारी आप यहां देख सकते हैं।

दिल्ली में आज और पूरे सप्ताह का मौसम

मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, ‘इस सप्ताह के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा उत्तरपूर्वी भारत में गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-60 किमी प्रति घंटा) के साथ व्यापक से लेकर व्यापक वर्षा होने की संभावना है, साथ ही भारी से बहुत भारी वर्षा भी हो सकती है।’ मौसम विभाग ने बताया कि 3 से 6 मई के दौरान भी पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों और उससे सटे मध्य भारत में छिटपुट गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-60 किमी प्रति घंटा) के चलने की संभावना है।

यूपी में बारिश का क्या है हाल?

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को बारिश हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मौमस विभाग की मानें तो आज यानी शुक्रवार से यूपी में बारिश कम होने के आसार हैं। पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं कल यानी शनिवार से तापमान बढ़ने के आसार जताए जा रहे हैं। हालांकि 4 मई से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यूपी के कुछ इलाकों में दोबारा हल्की बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।

बिहार और झारखंड में आंधी-तूफान का अलर्ट

यूपी के अलावा बिहार और झारखंड में भी मौसम विभाग ने आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक बिहार और झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। बिहार में शनिवार से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इसी तरह के हालात झारखंड के भी कई हिस्सों में देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।

मध्य प्रदेश का मौसम

एमपी की बात करें तो यहां भी मौसम ने अचानक से करवट बदली। एक तरफ जहां लोगों को बारिश की वजह से गर्मी से राहत मिली तो वहीं किसानों की परेशानी भी बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों में राज्य के 17 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी है। इसके अलावा पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है। अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *