Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग के एक शूटर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक उर्फ दिलावर के रूप में हुई है, जो रोहित गोदारा–गोल्डी बराड़–वीरेंद्र चरण गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. जांच में सामने आया है कि यह गैंग दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब सहित कई राज्यों में उगाही कॉल्स कर रहा था.
20 से अधिक मामलों में था वांछित
डीसीपी स्पेशल सेल, प्रवीण कुमार त्रिपाठी के मुताबिक दिसंबर में ऐसे ही एक मामले में, वीरेंद्र चारण ने दिल्ली के एक जौहरी से 10 करोड़ रुपये की मांग की थी. इस संबंध में अमर कालोनी थाने में मामला दर्ज किया गया था. बाद में, इस मामले की जांच स्पेशल सेल को सौंप दी गई थी.
जांच के दौरान सेल की टीम ने इस मामले में रोहित, राहुल, लक्ष्मण, मोहित उर्फ चेरी और पंकज राजपूत नामक पांच बदमाश को गिरफ्तार कर लिया था. पंकज राजपूत, कुख्यात गैंगस्टर है वह पंजाब के 20 से अधिक मामलों में वांछित था.
बख्शी ट्रैवल के कार्यालय पर कराई गोलीबारी
पंकज राजपूत से पूछताछ में पता चला कि वीरेंद्र चारण ने पंजाब के नकोदर शहर में बख्शी ट्रैवल कंपनी के मालिक मनीष बख्शी से पांच करोड़ रुपये की मांग की थी. इस संबंध में पंजाब के नकोदर शहर थाने में मामला दर्ज है.
पीड़ित पर दबाव बनाने के लिए, वीरेंद्र चारण ने अपने तीन स्थानीय साथियों को 13 जनवरी को बख्शी ट्रैवल के कार्यालय पर गोलीबारी करने का आदेश दिया था. जांच के दौरान तीन हमलावरों में से एक की पहचान दीपक कुमार उर्फ दिलावर के रूप में हुई थी. वह उन्नाव, यूपी का रहने वाला हैँ. गोलीबारी की घटना के बाद से दीपक भूमिगत हो गया था.
दिल्ली में बना रहा था अपना ठिकाना
गहन जांच से पता चला कि दीपक पंजाब में छिपा हुआ है. इसके बाद उसे सैनिक विहार इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया. उसकी निशानदेही पर सैनिक विहार स्थित उसके छिपने के ठिकाने से एक भरी हुई पिस्टल (पांच कारतूस थे) बरामद की गई.
पूछताछ में दीपक ने बताया कि पंकज राजपूत ने उसे यह अवैध हथियार दिया था और एक एन्क्रिप्टेड चैट प्लेटफार्म के माध्यम से उसकी मुलाकात वीरेंद्र चारण से करवाई थी. इसके बाद, वीरेंद्र चारण ने उसे नकोदर स्थित ‘बख्शी ट्रैवल’ पर गोली चलाने का निर्देश दिया था. वीरेंद्र चारण के निर्देश पर वह दिल्ली में अपना ठिकाना बना रहा था.
इसे भी पढ़ें:-गर्मियों में इंजन से लेकर केबिन तक सब रहेगा कूल-कूल, जानें कैसे बचाएं अपनी गाड़ी?