Delhi: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है. इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से 144 बोतल (12 कार्टन) महंगी विदेशी शराब और एक कार जब्त की गई है. इस मामले में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान वेस्ट पंजाबी बाग निवासी नमन कोहली (35) के रूप में हुई है.
वेस्ट पंजाबी बाग में बिछाया जाल
दरअसल, दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गुरुग्राम से सस्ती शराब लाकर दिल्ली में अवैध तरीके से सप्लाई कर रहा है और इससे मोटा मुनाफा कमा रहा है. इसी सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने पश्चिमी दिल्ली के वेस्ट पंजाबी बाग इलाके में रोड नंबर 40 के पास जाल बिछाया. जैसे ही संदिग्ध अपनी कार के पास पहुंचा पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया. तलाशी में कार से 12 कार्टन में रखी विदेशी शराब बरामद हुई.
नहीं मिला कोई लाइसेंस
पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह गुरुग्राम से कम कीमत पर शराब खरीदकर दिल्ली में ऊंचे दामों पर बेचता था, जिससे उसे भारी मुनाफा होता था. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित के पास शराब के लिए कोई वैध परमिट या लाइसेंस भी नही है. फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है.
इसे भी पढ़ें:-हजारीबाग में दबोचे गए TSPC के 8 उग्रवादी, भारी मात्रा में हथियार बरामद