Aaj Ka Mausam: देश में कहीं भीषण गर्मी की मार तो कहीं मानसून का जलवा, जानें आपके राज्य का हाल

Aaj Ka Mausam: देश का मौसम आज यानी 9 जून को पूरी तरह दो विरोधाभासी रंगों में रंगा नजर आ रहा है. एक तरफ जहां उत्तर भारत के मैदानी इलाके भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में झमाझम बारिश के साथ मानसून ने अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया है. कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले कुछ दिनों में देश के कई और हिस्सों को कवर कर लेगा.

दिल्ली-एनसीआर में अभी दो दिन और सताएगी गर्मी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग के अनुसार 10 जून तक इलाके में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा. आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दोपहर के समय लू चलने से लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हालांकि, राहत की खबर यह है कि 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल सकता है. 11 जून को गरज-चमक के साथ बारिश की शुरुआत होगी, जबकि 12 और 13 जून को तेज आंधी और अच्छी बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में करीब 6 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हो सकती है.

उत्तर प्रदेश: जल्द करवट लेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और जानलेवा लू का प्रकोप चरम पर है, जहां कानपुर, प्रयागराज और बनारस में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, वहीं बांदा में 44 डिग्री और आगरा, अलीगढ़ व राजधानी लखनऊ में तापमान 43 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है. मेरठ में भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहने से राहत की कोई उम्मीद नहीं है और दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है.

हालांकि, पश्चिमी यूपी के शुष्क मौसम के बीच राहत की खबर ये है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के अयोध्या, बलिया, बस्ती और गोंडा समेत लखनऊ में 10 जून के बाद मौसम करवट लेगा और 11 से 13 जून के बीच तेज आंधी व गरज-चमक के साथ होने वाली बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी.

मध्य प्रदेश में बारिश और आंधी का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ मौसम का रुख तेजी से बदल रहा है. कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. हरदा, सीहोर, देवास, खंडवा और ओंकारेश्वर में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है. इसके अलावा इंदौर, भोपाल, उज्जैन, खरगोन, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, दमोह, बैतूल, छिंदवाड़ा, जबलपुर, रीवा, सतना, शहडोल, सिंगरौली समेत कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.

राजस्थान में दो तरह का मौसम

राजस्थान में मौसम का मिजाज भी पूरी तरह बंटा हुआ दिखाई दे रहा है. एक तरफ पश्चिमी राजस्थान के कई जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर पूर्वी जिलों में बारिश राहत पहुंचा रही है. श्रीगंगानगर हाल ही में 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया. आज जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर और चूरू सहित कई जिलों में भीषण लू चलने की संभावना है. वहीं अलवर सहित पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. जयपुर, कोटा, उदयपुर और सीकर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा. 11 जून से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ राज्य में प्री-मानसून गतिविधियों को और मजबूत कर सकता है.

जम्मू में अगले तीन दिन तक आग उगलेगा सूरज

जम्मू में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा. 10 जून तक शुष्क मौसम रहने का पूर्वानुमान है. जम्मू संभाग में 9-10 तारीख को लू चलने की आशंका है. 11 तारीख को हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है. जम्मू संभाग में अगले दो-तीन दिनों में 42-43 डिग्री सेल्सियस तक तापमान जा सकता है. लेकिन 11 तारीख से तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी.

दक्षिण भारत में बारिश का जोर

दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है. तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. नीलगिरि, तिरुप्पुर, दिंडीगुल, थेनी, कन्याकुमारी, इरोड, सलेम, कोयंबटूर, तेनकासी और तिरुनेलवेली के पहाड़ी इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. राजधानी चेन्नई में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा. इसके अलावा कोंकण, गोवा, लक्षद्वीप और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें:-लीलाओं में प्रसिद्ध प्रभु श्री राम की बाल लीला: दिव्य मोरारी बापू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *