शरीर में खनिजों के संतुलन को बेहतर बनाती है किडनी…

लखनऊ। किडनी, शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। इस अंग में होने वाली समस्याओं के कारण पूरे शरीर की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव हो सकता है। किडनी, रक्त से अपशिष्ट उत्पादों को बाहर निकलने में मदद करती है, जिससे शरीर में विषाक्तता का खतरा कम हो जाता है। यदि इस अंग में कोई बीमार हो जाए या फिर किडनी ठीक से काम न कर रही हो तो रक्त में विषाक्तता बढ़ने का खतरा हो सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक खान-पान और आहार से संबंधित गड़बड़ी के कारण पिछले कुछ समय से लोगों में किडनी से संबंधित कई तरह की गंभीर बीमारियों के मामले बढ़ते हुए देखे जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि अपशिष्ट उत्पादों को बाहर निकालने के साथ किडनी, शरीर में खनिजों के संतुलन को बेहतर बनाए रखने में भी काफी मददगार होती है। किडनी उन हार्मोन्स का उत्पादन भी करती है जो लाल रक्त कोशिका के उत्पादन के लिए आवश्यक है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को इस आवश्यक अंग के विशेष देखभाल को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह देते हैं। आइए जानते हैं कि किडनी को स्वस्थ रखने के लिए किन चीजों के सेवन से परहेज किया जाना चाहिए?

यहां के पीजीआई के वरिष्ठ चिकित्सक डा. एनके शर्मा ने किडनी के रख रखाव के लिए संतुलित खानपान तथा कुछ चीजों से परहेज की सलाह दी है।

सोडियम का सेवन कम करें-

सोडियम को सामान्यतौर पर ब्लड प्रेशर बढ़ाने वाला माना जाता है। अधिक मात्रा में सोडियम का सेवन किडनी की समस्याओं को भी बढ़ा सकता है। सोडियम, नमक का एक मुख्य घटक है। किडनी की बीमारियों के शिकार लोगों में सोडियम का ठीक तरीके से फिल्टरेशन नहीं हो पाता है जिसके कारण रक्तचाप बढ़ने, सांस लेने में तकलीफ और हृदय-फेफड़ों की समस्याएं हो सकती हैं। भोजन में नमक की मात्रा को संतुलित रखने पर ध्यान देना आवश्यक हो जाता है।

पोटैशियम युक्त चीजों से बचें-

किडनी की बीमारी और मधुमेह के शिकार लोगों को पोटैशियम युक्त चीजों के अधिक सेवन से बचने की सलाह दी जाती है। किडनी की समस्याओं में शरीर से पोटैशियम ठीक से बाहर नहीं निकल पाता है, जिससे रक्त में इसका स्तर बढ़ सकता है। यह स्थिति थकान, मांसपेशियों में कमजोरी, हृदय की समस्याओं को बढ़ावा दे सकती है। कई फलों और सब्जियों में पोटैशियम की मात्रा अधिक होती है, इससे बचाव किया जाना आवश्यक होता है।

पैक्ड या जंक खाद्य पदार्थ है नुकसानदायक-

डिब्बाबंद खाद्य पदार्थ और फास्ट फूड का अधिक सेवन किडनी के लिए समस्याएं बढ़ा सकता है। इन चीजों में सोडियम की मात्रा अधिक होती है, जिससे किडनी की समस्याएं बढ़ सकती हैं। इंस्टेंट नूडल्स, फ्रोजन पिज्जा और अन्य प्रकार के माइक्रोवेव से तैयार चीजों का अधिक सेवन आपके लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। शोध में प्रोसेस्ड मीट या अन्य प्रकार के प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों को भी किडनी की समस्याओं को बढ़ाने वाला बताया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *