गृहमंत्री अमित शाह बोले- बीजेपी के पास ना कुछ छिपाने के लिए है ना डरने की कोई जरूरत

नई दिल्‍ली। गृहमंत्री अमित शाह ने अदाणी हिंडनबर्ग प्रकरण के बाद विपक्ष के आरोपों पर कहा है कि कुछ भी छिपाने जैसा या डरने जैसा नहीं है। गृहमंत्री अमित शाह ने यह ‘प्रतिक्रिया’ कांग्रेस की ओर से सरकार पर अदाणी समूह का फेवर करने के आरोप लगाने के बाद दी है। उन्होंने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा है कि सरकार या भाजपा के पास ना कुछ छिपाने के लिए है ना डरने की कोई जरूरत है। अदाणी मसले पर कांग्रेस के हमलावर होने पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि विपक्ष केवल शोर मचाना जानता है। अगर उनके पास गड़बड़ी के सबूत हैं तो उन्हें कोर्ट जाना चाहिए।

गृह मंत्री अमित शाह से यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस आपकी पार्टी भाजपा पर अदाणी से मित्रता का आरोप लगा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि अदाणी को सभी कांट्रेक्ट मिल रहे हैं। वहीं भाजपा का डिफेंस कमजोर है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस मामले में भाजपा को कुछ छिपाने को नहीं है और ना ही डरने की जरूरत है। उन्होंने कहा इससे जुड़े एक मामले में देश के सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने संज्ञान लिया है। ऐसे में देश के कैबिनेट का सदस्य होने के नाते मेरे लिए इस वक्त कुछ भी बोलना ठीक नहीं होगा। उन्‍होंने कहा कि सत्य पर एक हजार साजिश कर लो कुछ नहीं होता है। वो करोड़ों सूर्य की भांति तेजस्वी बनकर बाहर आता है। मोदी जी के खिलाफ 2002 से साजिश हो रही है लेकिन हर बार वो और अधिक मजबूत होकर, सच्चे बनकर और जनता की ज्यादा लोकप्रियता हासिल कर उभरे हैं।

बता दें कि हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट में अदाणी समूह के संबंध में शेयरों में गड़बड़ी करने और वित्तीय धोखाधड़ी करने के दावे किए गए थे। इस रिपोर्ट के बाद अदाणी समूह के शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। रिपोर्ट के बाद अदाणी समूह के मुखिया गौतम अदाणी जो पिछले महीने 24 जनवरी तक दुनिया के तीसरे सबसे धनवान व्यक्ति थे उनकी संपत्ति में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई वे दुनिया के अमीरों की टॉप 10 लिस्ट से बाहर हो गए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *