असम में भीषण बाढ़ ने मचाई तबाही

असम। असम में भीषण बारिश से आई बाढ़ के कारण हालात दिन पर दिन बिगड़ते जा रहे हैं। असम और त्रिपुरा में बाढ़ से स्थिति भयावह हो गई है। बाढ़ से अब तक 55 से अधिक लोगों ने जान गवां दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को फोन कर राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

पीएम मोदी ने बाढ़ से प्रभावित लोगों को हो रही परेशानियों पर चिंता जताई है। इस प्राकृति आपदा से राज्य के 28 जिलों के 2930 गांवों में 19 लाख लोग प्रभावित हो गए हैं। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में राज्य में अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है।

इसी दौरान असम के होजई जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को ले जा रही एक नौका पलट गई, उसमें सवार तीन बच्चे लापता हो गए, 21 अन्य लोगों को बचा लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 24 ग्रामीणों का एक समूह शुक्रवार इस्लामपुर गांव से सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ रहा था, तभी रायकोटा इलाके में उनकी नौका पानी में डूबे एक ईंट-भट्टे से टकरा जाने के कारण पलट गई।

वहीं पश्चिम त्रिपुरा जिले के सदर अनुमंडल में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में 2,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने 20 राहत शिविरों में शरण ली है। हालांकि, अभी तक किसी के मारे जाने की खबर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *