बारिश के मौसम में न करें इन चीजों का सेवन…

हेल्‍थ। मानसून का मौसम कई प्रकार की संक्रामक बीमारियों का कारण बन सकता है। इस मौसम में चूंकि वायु में नमी अधिक रहती है, साथ ही बारिश के कारण हुई गंदगी और जलजमाव की स्थिति कई प्रकार के बैक्टीरिया और वायरस के उपजने के लिए अनुकूल हो सकती है। ऐसे में इन दिनों खान-पान को लेकर सभी लोगों को विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है। विशेषकर सब्जियों और फलों की साफ-सफाई और उनका सही चयन करना आवश्यक हो जाता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ इस मौसम में कुछ प्रकार की सब्जियों और फलों को न खाने की सलाह देते हैं। आइए जानते हैं कि बेहतर सेहत के लिए इन दिनों किन चीजों से परहेज किया जाना चाहिए

आहार विशेषज्ञों के अनुसार मानसून के मौसम में चूंकि संक्रामक रोगों का जोखिम अधिक होता है ऐसे में साफ-सफाई को लेकर इस मौसम में खास ख्याल रखने की आवश्यकता होती है। बाहर से आने वाली सब्जियों-फलों को अच्छे से धोकर ही सेवन करना चाहिए, क्योंकि इनकी त्वचा पर रोगाणुओं के मौजूद होने का खतरा होता है। इनसे पेट की समस्याओं का जोखिम हो सकता है।

सब्जियों के चयन को लेकर सावधानी:-
मानसून के मौसम का तापमान और वायु की आर्द्रता बैक्टीरिया और फंगस के विकास के लिए अनुकूल होती है, खासकर हरी पत्तेदार सब्जियों पर इनके मौजूद होने का खतरा अधिक हो सकता है। पालक, मेथी के पत्ते, पत्ता गोभी, फूलगोभी जैसी सब्जियों को इस मौसम में खाने से बचना चाहिए। या फिर इन्हें बहुत अच्छे तरीके से साफ करने के बाद ही प्रयोग में लाएं।

फलों के सेवन के लेकर भी रखें ध्यान:-
मानसून में किसी भी फल के सेवन से पहले उसे अच्छी तरह से साफ कर लेना बहुत आवश्यक होता है। आहार विशेषज्ञ इस मौसम में तरबूज-खरबूज का सेवन न करने की सलाह देते हैं। बाकी फलों के सेवन से पहले उनकी स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक होता है। गले हुए फलों के सेवन से बचना चाहिए, इसमें रोगाणुओं के विकास का खतरा हो सकता है।

मशरूम  को लेकर सावधानी:-
मशरूम को वैसे तो सेहत के लिए विशेष लाभकारी माना जाता है हालांकि मानसून के समय में इसका सीमित सेवन ही किया जाना चाहिए। मशरूम नम मिट्टी में उगते हैं जिससे उनमें बैक्टीरिया की वृद्धि हो सकती है। इनका सेवन करने पर संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। यदि आप इनका सेवन कर भी रहे हैं तो इसे धोकर अच्छी तरह से साफ कर लें और उबालने के बाद ही सेवन करें।

बाहर की चीजों के सेवन से परहेज:-
मानसून के समय में स्वच्छता का ध्यान रखना बहुत आवश्यक होता है, हाइजीन में की गई थोड़ी भी लापरवाही संक्रमण के जोखिम को बढ़ा सकती है। आहार विशेषज्ञों के मुताबिक इस मौसम में तले हुए खाद्य पदार्थों और बाजार में खुले में बिकने वाली चीजों के सेवन से परहेज करना चाहिए। इनका सेवन पेट की समस्याओं का कारण बन सकती है। किसी भी चीज के सेवन से पहले उसकी स्वच्छता और रखरखाव पर विशेष ध्यान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *