हरियाणा में दो वर्ष बाद होगा मंत्रिमंडल का विस्तार….

हरियाणा। हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार मंगलवार को होने जा रहा है। नववर्ष से पहले भाजपा विधायक डॉ. कमल गुप्ता और जजपा विधायक देवेंद्र बबली को मंत्री पद का तोहफा मिलेगा। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय शाम चार बजे दोनों नए मंत्रियों को राजभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

फिलहाल मंत्रिमंडल में कोई फेरबदल नहीं होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के दिवाली के दिन 27 अक्‍टूबर 2019 को शपथ ग्रहण करने के साथ नई सरकार अस्तित्व में आई थी। प्रदेश में गठबंधन सरकार बनने के 2 वर्ष महीने और एक दिन बाद दो नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है। सरकार की तरफ से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने सोमवार की दोपहर सवा तीन बजे मंत्रिमंडल विस्तार की सूचना तो दे दी लेकिन मंत्रियों के नाम गोपनीय रखे हैं।

भाजपा की तरफ से स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता और पलवल के विधायक दीपक मंगला ने मंत्री पद पाने के लिए खूब जोर-आजमाइश की। नांगल चौधरी से भाजपा विधायक अभय सिंह यादव व दूड़ा राम का नाम भी चला। दूड़ा राम की तो दो दिन पहले ही दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई थी। सोमवार को गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला के निवास पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ पहुंचे, जिससे तरह-तरह की अटकलें लगाई गईं।

पुख्ता सूत्रों के अनुसार भाजपा की तरफ से डॉ. कमल गुप्ता व जजपा कोटे से देवेंद्र बबली का नाम मंत्री पद की शपथ के लिए राजभवन को भेजा गया है। कमल गुप्ता संघ के साथ ही प्रदेश भाजपा नेतृत्व की भी पसंद हैं। उनका मुखर वक्ता होना पक्ष में गया।

जजपा की तरफ से देवेंद्र बबली के अलावा विधायक रामकुमार गौतम, अमरजीत ढांडा व ईश्वर सिंह का नाम चर्चा में रहा। ईश्वर सिंह के बेटे को जजपा कोटे से चेयरमैन बनाया जा चुका है। ढांडा व गौतम पद की दौड़ में पिछड़ गए। जोगी राम सिहाग को सरकार चेयरमैन बना चुकी है, लेकिन किसान आंदोलन के कारण उन्होंने पद नहीं स्वीकारा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *