पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है सरकार: एलजी मनोज सिन्हा

जम्‍मू-कश्‍मीर। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि समय-समय पर सुरक्षा समीक्षा के बाद पंचायत प्रतिनिधियों को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। सरकार इनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कुछ लोग हैं जिनका लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है। वह हमेशा इस कोशिश में रहते हैं कि लोगों में भय का वातावरण पैदा किया जाए। परिसीमन की प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही प्रदेश में विधानसभा चुनाव होगा। यह भी कहा कि देश के गृह मंत्री पहले ही आश्वासन दे चुके हैं कि उचित समय आने पर राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा। वे एसकेआईसीसी में संसदीय जनपहुंच कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। राज्य का दर्जा बहाल करने और चुनाव को लेकर पूछे जाने पर कहा कि देश की संसद में कही हुई बात का क्या अर्थ होता है वह आप सभी जानते हैं। जब राज्य पुनर्गठन अधिनियम बना था तो उसमें स्पष्ट रूप से उल्लेखित था कि परिसीमन के बाद चुनाव होंगे। अब जम्मू कश्मीर में सात सीटें बढ़ गई हैं। गृह मंत्री ने संसद में भरोसा दिया है कि राज्य का दर्जा उचित समय पर जरूर दिया जाएगा। मुझे लगता है कि इस पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को भरोसा है। प्रधानमंत्री ने भी 15 अगस्त को यह दोहराया है कि परिसीमन का काम तेजी से चल रहा है और पूरा होने पर ही चुनाव होंगे। उप-राज्यपाल ने कहा कि सुरक्षा समीक्षा समय-समय पर होती है। जो संस्थाएं समीक्षा करती हैं उस आधार पर सुरक्षा कवर दिया जाता है। कुछ लोगों का लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है और वह लोगों में भय का माहौल पैदा करने की कोशिश में लगे रहते हैं। इसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है। लेकिन हम आश्वस्त करना चाहते हैं कि यहां की सुरक्षा की स्थिति काफी बेहतर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *