कार्य के आधार पर होगा अधिशासी अधिकारियों का मूल्यांकन: एके शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से उत्तर प्रदेश के नगर विकास विभाग के इतिहास में पहली बार एक दिवसीय अधिशासी अधिकारियों की कार्यशाला का आयोजन नगरीय निदेशालय, गोमती नगर विस्तार, लखनऊ में हुआ। वर्चूअल रूप से उत्तर प्रदेश के सभी नगर निगमों के महापौर एवं नगर आयुक्त, नगरपालिका-नगर पंचायत के अध्यक्ष तथा नगर विकास से जुड़े अन्य अधिकारी-पदाधिकारी गण उपस्थित रहे। उनके साथ विभाग की योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं की चर्चा के लिए पूरे दिन मंत्री जी उपस्थित रहे। 1500 के आस पास लोग पूरे दिन के मंथन कार्यक्रम में गम्भीरता से जुड़े रहे। श्री एके शर्मा ने अपना सम्बोधन करते हुए कहा कि यह नगर विकास का महासंगम है। मैं इस आयोजन के सभी सूत्रधार एवं आयोजको को बधाई देता हूँ। जब आप सड़को को साफ कर रहे होते हैं, तो गॉवों के युवाओ के सपनों को साकार करते हैं। सफाई राष्ट्रनिर्माण का कार्य है।

नगर विकास के लोग लोगों के सपनो को सजाने काम करते हैं।नगर राज्य के केंद्र बिंदु होते हैं, राज्य का आकलन नगरों से होती है। यूपी बदलेगा तो देश बदलेगा, पूरी दुनिया बदलेगी, क्योंकि विश्व की आबादी का 25 फीसद भाग तो यूपी में ही रहता है। क्वॉलिटी ऑफ लाइफ की बदौलत ही इन्वेस्टमेंट आता है। देश की एक तिहाई आबादी मात्र 3 फीसद जमीन पर शहरों में रहती है। जब आप नाली साफ करते हैं तो उस वक्त राज्य का चेहरा साफ करते हैं क्योंकि नगर राज्य के चेहरे होते हैं। अगर इन्हें चमका दिया जाये तो राज्य चमक उठेगा। एक महीने के अन्दर राज्य के नगरों की बेहतर सफाई होनी चाहिए तथा दशहरे तक राज्य के नगरों में कहीं भी गन्दगी नहीं रहनी चाहिए। दिवाली में माँ लक्ष्मी तभी आएँगी जब सफाई रहेगी। नगरों की रैंकिंग भी अक्टूबर से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की समस्याओं का स्थानीय तौर पर समाधान हो जाना चाहिए, लेकिन जब समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता तो सम्भव पोर्टल की शुरुआत इन्हीं शिकायतों के निराकरण के लिए हुई है। उन्होंने बहुत ही मजबूती से कहा कि अधिशासी अधिकारियों का मूल्यांकन उनके काम के आधार पर होगा न कि पैरवी के आधार पर। साथ ही उन्होंने स्थानीय निकाय निदेशालय में लगी प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। वर्कशॉप में 11 विषयों पर चर्चा हुई,

 

जिसमें सम्भव पोर्टल की जनसुनवाई इसी कार्यक्रम के दरम्यान हुई। उसके बाद उत्तर प्रदेश की इकोनॉमी को 2027 तक 1 ट्रिलियन डॉलर बनाने का लक्ष्य, 15 वाँ वित्त आयोग, प्रधानमंत्री गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान, स्वच्छ भारत मिशन 2.0, अमृत 2.0, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट एवं एयर क्वालिटी, नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2022, सस्टनेबल डेवलपमेंट गोल, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं पर परिचर्चा, कार्यशाला का निष्कर्ष प्रमुख मुद्दे रहे। इसी दरम्यान ए. के. शर्मा ने सुगम, स्वच्छ भारत मिशन युट्यूब चैनल, ई वेतन, मुख्यमंत्री नगर सृजन पोर्टल की लॉन्चिंग हुई। सेन्टर फॉर साइंस एंड इनवायरमेंट के साथ नगर विकास ने एमओयू भी साइन किया। परिचर्चा के दरम्यान अधिशासी अधिकारियों ने अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *