NTA Group A-B Recruitment 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने विभिन्न ग्रुप ए और ग्रुप बी पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. यह भर्ती प्रतिनियुक्ति (Deputation) या फॉरेन सर्विस टर्म्स के आधार पर की जाएगी. इच्छुक और पात्र अधिकारी 7 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन और अन्य भत्तों का लाभ मिलेगा.
किन पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 9 पदों को भरा जाएगा. जिसमें 3 पद जॉइंट डायरेक्टर, 1 पद रिसर्च साइंटिस्ट ‘सी’, 2 पद डिप्टी डायरेक्टर, 2 पद असिस्टेंट डायरेक्टर, 1 पद सीनियर सुपरिंटेंडेंट/सीनियर सुपरिंटेंडेंट (अकाउंट्स) के पद शामिल है. भर्ती प्रतिनियुक्ति के आधार पर होगी और शुरुआती नियुक्ति अवधि तीन वर्ष की होगी. हालांकि आवश्यकता के अनुसार पदों की संख्या बढ़ाई या घटाई जा सकती है.
कौन कर सकता है आवेदन?
यह भर्ती सामान्य अभ्यर्थियों या फ्रेशर्स के लिए नहीं है. केवल अखिल भारतीय सेवाओं, केंद्र सरकार, राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, स्वायत्त संस्थानों, सांविधिक निकायों और सार्वजनिक उपक्रमों (PSUs) में कार्यरत पात्र अधिकारी ही आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु आवेदन की अंतिम तिथि तक 56 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए.
पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता
जॉइंट डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर पदों के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री आवश्यक है. हालांकि संबंधित प्रशासनिक या परीक्षा प्रबंधन कार्य का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी.
रिसर्च साइंटिस्ट ‘सी’ पद के लिए संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ परास्नातक और पीएचडी की डिग्री आवश्यक है. इसके साथ ही मूल्यांकन, साइकोमेट्रिक्स या परीक्षा प्रणाली से जुड़े क्षेत्र में अनुभव भी जरूरी है.
सीनियर सुपरिंटेंडेंट (अकाउंट्स) पद के लिए स्नातक डिग्री के साथ कार्यालय कार्य और कंप्यूटर अनुप्रयोगों की जानकारी होना अनिवार्य है. लेखा, ऑडिट या प्रशासनिक कार्य का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी.
पात्रता मानदंड से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक अधिसूचना जरूर पढ़ें.
कैसे होगा चयन?
एनटीए ने इस भर्ती के लिए किसी लिखित परीक्षा का प्रावधान नहीं किया है. प्राप्त आवेदनों की जांच और स्क्रीनिंग के बाद योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा.
अंतिम चयन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा. एनटीए को जरूरत पड़ने पर स्क्रीनिंग के लिए अतिरिक्त मानदंड तय करने का अधिकार भी होगा.
कैसे करना है आवेदन
आवेदन निर्धारित प्रारूप में डाक के माध्यम से निदेशक (प्रशासन), राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी, प्रथम तल, एनएसआईसी-एमडीबीपी बिल्डिंग, ओखला इंडस्ट्रियल एस्टेट, नई दिल्ली-110020 के पते पर भेजना होगा. साथ ही आवेदन की एक प्रति dir-admin@nta.gov.in पर ईमेल के माध्यम से भी भेजनी होगी. भर्ती से संबंधित विस्तृत पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध अधिसूचना में देखी जा सकती है.
इसे भी पढ़ें:-रोजाना की इन आदतों से दिमाग की रक्त वाहिकाएं हो रही कमजोर, बचाव के लिए करें ये उपाय