Ghazipur: जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था एवं जय गुरुदेव मथुरा ट्रस्ट के तत्वावधान में आज रविवार को पकड़ी गाँव स्थित खेल मैदान आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा. एक दिवसीय विशाल सत्संग समारोह में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति, साधना और सतमार्ग का संदेश ग्रहण किया.पंडाल में उपस्थित अनुयायियों और श्रोताओं को संबोधित करते हुए जय गुरुदेव के उत्तराधिकारी एवं संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज महाराज ने कहा कि जब परमात्मा संसार को सच्ची रोशनी देना चाहता है, तो वह किसी संत या फकीर के माध्यम से मानव जीवन का उद्देश्य प्रकट करता है. उन्होंने कहा कि हम सबका सौभाग्य है कि हमें देव दुर्लभ मनुष्य शरीर प्राप्त हुआ है, जिसका सही उपयोग आत्मकल्याण और परमात्मा की प्राप्ति में करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि संत-महात्मा त्रिकालदर्शी होते हैं और उनके वचनों का अनुसरण करने से मनुष्य आने वाले कठिन समय से बच सकता है. “मिली नर देह यह तुमको, बनाओ काज कुछ अपना; पचो मत आय यहि जग में, जानियो रैन का सुपना” पंक्ति को उद्धृत करते हुए उन्होंने समझाया कि यह मानव जीवन क्षणभंगुर है, अतः समय रहते संतों की शरण लेकर आत्म-साधना करनी चाहिए.
संत पंकज महाराज ने भक्तों को आत्म-साधना की विधि बताते हुए मानव शरीर को ‘नर-नारायणी शरीर’ की संज्ञा दी. उन्होंने कहा कि यही शरीर साधना का सच्चा मंदिर है, इसी में प्रभु तक पहुंचने का मार्ग छिपा है. “मोको कहाँ ढूँढे बन्दे, मैं तो तेरे पास में; न तीरथ में, न मूरत में, मैं तो हूँ विश्वास में” का भाव समझाते हुए उन्होंने बताया कि परमात्मा बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि सच्चे विश्वास, प्रेम और अंतर्मन की पवित्रता में वास करता है.अपने उद्बोधन में उन्होंने सत्य, दया, करुणा और अहिंसा को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि यह संसार कर्मों का क्षेत्र है, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्मों का फल भुगतना पड़ता है. इसलिए हिंसा, छल और बुराइयों से दूर रहकर शाकाहार अपनाएं तथा शराब जैसे नशों का पूर्ण त्याग करें. उन्होंने समाज निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की भी अपील की.
कार्यक्रम में दिल्ली सत्संग के प्रांतीय अध्यक्ष विजय पाल सिंह, उपाध्यक्ष आर.पी. तिवारी, राम विलास मौर्य, जगनारायण, एस.एस. चौहान, देवी शरण शर्मा, डॉ. मनोज कुमार, प्रभुदयाल, रंजीत गुप्ता, बाबू राम यादव (महामंत्री), संतराम चौधरी (प्रबंधक),पूर्व प्रधान पंकज यादव,धर्मेन्द्र यादव,अश्विनी कांत राय,उत्तम पांडेय, सहित मीडिया प्रभारी डॉ. बृजेश एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.पूरे आयोजन के दौरान भक्ति गीतों, प्रवचनों और आध्यात्मिक संदेशों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया. कार्यक्रम ने क्षेत्र में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक सद्भाव का सशक्त संदेश दिया.