Ballia: नगर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान का कायाकल्प करने के लिए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शनिवार की देर शाम को विधि-विधान से भूमिपूजन किया। रामलीला मैदान का सुंदरीकरण प्रदेश सरकार के सहभागिता योजना के तहत कुल 40 लाख रुपए से होगा। इस दौरान मंत्री ने मंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सुंदरीकरण के कार्य का शिलान्यास किया।
मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि यह रामलीला मैदान ऐतिहासिक है जिससे इसका कायाकल्प इसके गरिमा के अनुरूप किया जाएगा। यहां पहले फेज में मंच को पक्का छत के तौर पर बनाया जाएगा। इसके आसपास महिला व पुरुष शौचालय का भी निर्माण होगा तथा मैदान का भी उच्चीकरण किया जाएगा। इसके अलावा अन्य सुंदरीकरण का कार्य होगा। पूरा कार्य पर्यटन विभाग की देखरेख में होगा।
उन्होंने कहा कि ये सभी कार्य होने के बाद दूसरे फेज में इसके बाउंड्री वॉल व अन्य काम कराए जाएंगे। कहा यहां हर वर्ष दशहरा में रामलीला का मंचन होता है तो लोग छठ पर्व तथा विवाह आदि का भी आयोजन करते हैं लेकिन सुविधाओं के अभाव में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इसका सुंदरीकरण कराना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व मंत्री नारद राय, नगर अध्यक्ष सोनी तिवारी, महावीर पाठक आदि मौजूद रहे।