Business: एपल भारत में अपने स्टोर नेटवर्क का विस्तार कर रहा है। कंपनी ने हैदराबाद में नया रिटेल स्टोर खोलने का एलान किया है। एपल कुकटपल्ली नाम से खुलने वाला यह भारत में कंपनी का सातवां स्टोर होगा। इसकी खास बात सिर्फ इतनी नहीं है कि हैदराबाद को एपल का नया स्टोर मिलने जा रहा है, बल्कि इसका डिजाइन भी शहर की पहचान यानी मोतियों से प्रेरित है। यह स्टोर दस दिसंबर को शाम पांच बजे ग्राहकों के लिए खुलेगा।
एपल कुकटपल्ली’ हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके में स्थित लेक शोर-वाई जंक्शन मॉल में खुलेगा। इसके साथ ही, हैदराबाद क्यूपर्टिनो (कैलिफोर्निया) स्थित इस दिग्गज कंपनी का स्टोर पाने वाला भारत का छठा शहर बन जाएगा।
कंपनी ने स्टोर खुलने से पहले ही इसके बाहर लगाए गए बैरिकेड का डिजाइन पेश कर दिया है। इससे नए स्टोर की थीम और शहर से उसके जुड़ाव की झलक मिलती है।
जानकारी के अनुसार, एपल कुकटपल्ली के बैरिकेड पर मोतियों से प्रेरित कंपनी का लोगो बनाया गया है। यह लोगो कई रंगों की चमक यानी इरिडेसेंट टोन में दिखाई देता है। एपल के मुताबिक, इस डिजाइन के पीछे हैदराबाद की ‘मोतियों के शहर’ के रूप में पहचान है। शहर में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लाए गए मोतियों को तराशने और साफ करने की सदियों पुरानी परंपरा रही है। फिलहाल एपल ने स्टोर के इंटीरियर की तस्वीरों या डिजाइन का साझा नहीं किया है। हालांकि उम्मीद है कि इसका इंटीरियर बेंगलुरु के एपल हेब्बल जैसे कंपनी के दूसरे स्टोर्स की तर्ज पर हो सकता है।