Delhi: दिल्ली के अलीपुर इलाके में हिरंकी गांव के पास यमुना नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से चार बच्चे गहरे पानी में बह गए. जिसमें से दो नाबालिग लड़कों की मौत हो गई. दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, दिल्ली फायर सर्विस, NDRF और अन्य एजेंसियों के संयुक्त सर्च ऑपरेशन में दो लड़कों के शव बरामद किए गए, जबकि बाकी दो की तलाश अंधेरे के कारण देर रात रोक दी गई और आज सुबह फिर से शुरू होगी.
जानकारी के मुताबिक, पांच नाबालिग लड़के यमुना में नहाने के लिए आए थे. नहाने के दौरान राहुल, अंशु, सौरभ और अमनदीप नदी के तेज बहाव में फंस गए और बहाव इतना तेज था कि वह नदी में डूबते ही चले गए. देखते ही देखते पानी में लापता हो गए. उनके साथ मौजूद 14 वर्षीय लकी नदी के बाहर था. उसने तुरंत शोर मचाकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों को बुलाया. स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक चारों किशोर नदी की तेज धारा में बह चुके थे.
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, डीडीएमए, फायर विभाग और संबंधित एसडीएम को मौके पर बुलाया गया. सभी एजेंसियां मिलकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं. स्थानीय पुलिस भी बचाव दलों के साथ लगातार समन्वय कर रही है और बच्चों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि बच्चों के मिलने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें:-सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनी लोगों की फरियाद, बोले-अपराधियों के लिए यूपी में जगह नही…