Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को पश्चिमी दिल्ली स्थित टोडापुर के रामलीला मैदान में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की 2100 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए काम करती है. उन्होंने कहा कि बेहतर जल प्रबंधन व्यवस्था बनाना ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य के लिए बहुत जरूरी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरी हों, ताकि लोगों को जल्दी फायदा मिल सके.
दिल्ली अब विकास के नए दौर में: जल मंत्री प्रवेश साहिब
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिल्ली अब विकास के नए दौर में कदम रख रही है. ये सिर्फ योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के अनुरूप ‘विकसित दिल्ली’ की मजबूत नींव है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में जो विकास कार्य हो रहे हैं, उनका असर अब राजधानी में भी साफ दिख रहा है. सरकार पानी की सप्लाई और सीवर जैसी जरूरी सेवाओं को आधुनिक, मजबूत, ज्यादा प्रभावी और पूरी तरह लोगों की जरूरतों के अनुसार बनाने के लिए काम कर रही है.
लोकार्पित (शुरू की गई) परियोजनाएं
- नीलोठी-1 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की क्षमता 40 मिलियन गैलन प्रतिदिन (एमजीडी) से बढ़ाकर 60 एमजीडी की गई. लागत: 373.21 करोड़ रुपये.
- पप्पनकलां फेज-1 एसटीपी की क्षमता 20 एमजीडी से बढ़ाकर 30 एमजीडी की गई. लागत: 225.28 करोड़ रुपये.
- नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में हैदरपुर (डब्ल्यूडब्ल्यू-II) की पुरानी पाइपलाइन बदली गई. लागत: 50.72 करोड़ रुपये.
- पीतमपुरा और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में हैदरपुर (डब्ल्यूडब्ल्यू-I) की पुरानी पाइपलाइन बदली गई. लागत: 19.44 करोड़ रुपये.
जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ
- जल आपूर्ति सुधार – चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) क्षेत्र (पैकेज 3). लागत: 990 करोड़ रुपये.
- जल आपूर्ति सुधार – चंद्रावल डब्ल्यूटीपी क्षेत्र (पैकेज 4). लागत: 268.41 करोड़ रुपये.
- बेगमपुर क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (रोहिणी एसटीपी से जुड़ा). लागत: 58 करोड़ रुपये.
- वजीराबाद क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (कोरोनेशन पिलर एसटीपी से जुड़ा). लागत: 25.15 करोड़ रुपये.
- रनहोला क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (नीलोठी एसटीपी से जुड़ा). लागत: 34.85 करोड़ रुपये.
- संत नगर क्षेत्र में घर-घर सीवर कनेक्शन (कोरोनेशन पिलर एसटीपी से जुड़ा). लागत: 40.21 करोड़ रुपये.
- मोलरबंद एसटीपी की क्षमता में वृद्धि (0.67 एमजीडी बढ़ाई जाएगी). लागत: 14.71 करोड़ रुपये.
इसे भी पढ़ें:-केमिकल टैंकर से टकराई ट्रक, हाईवे पर H₂O₂के रिसाव से मचा हडकंप