गोरखपुर। सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के डोहरिया खुर्द चौराहे पर स्थित चाय की दुकान में बुधवार शाम पकौड़ी बनाते समय गैस सिलिंडर की पाइप लीक होने से आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि मां और पांच वर्ष के बेटे की झुलसने से मौत हो गई। फायर ब्रिगेड की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के डोहरिया खुर्द गांव निवासी राममिलन की चौराहे पर निजी मकान में चाय पानी की दुकान है। बताया जा रहा है कि उनकी बहू प्रियंका (26) नितेश (28) नाती विराट (5) अंकुश (3) दुकान पर थे। बुधवार को प्रियंका गैस चूल्हे पर पकौड़ी बना रही थी। उस वक्त विराट और अंकुश भी वहीं थे। तभी अचानक गैस पाइप लीक होने आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया। राम मिलन और नितेश ने तीनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे अंकुश को ही बचा पाए। प्रियंका और विराट की आग में जलकर मौत हो गई।
अग्निशमन दल ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। यह घटना देखकर आसपास के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। मां और बेटे का शव देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई। घटनास्थल पर पति नितेश अपने पुत्र अंकुश से लिपट कर फुट फुट कर रो रहे थे। शोहरतगढ़ के एसओ राजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि मां और बेटे के शवों का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।