दिल्ली छोड़कर उत्तराखंड शिफ्ट होना चाहते हैं ऋषभ पंत, सीएम धामी से आधी रात को लगाई मदद की गुहार

Uttarakhand: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत दिल्ली को छोड़कर उत्तराखंड शिफ्ट होना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रात के तकरीबन एक बजे  सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स  पर पोस्ट करके मदद और जमीन के रूप में एक तोहफा मांगा। पंत के इस अनुरोध पर सीएम धामी ने भी ट्वीट के जरिए हरसंभव मदद देने का भरोसा जताया है। बता दें कि ऋषभ पंत फिलहाल भारतीय टीम के साथ टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर हैं। इस सीरीज में पंत के पास टेस्ट में 100 छक्के पूरे करने का मौका होगा।

पंत ने अपने एक्स पोस्ट में क्या लिखा

ऋषभ पंत ने अपनी पोस्ट में बताया कि वह काफी दिनों से उत्तराखंड में जमीन लेना चाह रहे हैं लेकिन उन्हें मिल नहीं रही। पंत ने लिखा कि हैलो पुष्कर धामी सर। आप कैसे हैं। मैं लंबे समय से उत्तराखंड का लोकल शख्स हूं। मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होना चाहता हूं और मुझे इसके लिए अच्छी और बड़ी जमीन नहीं मिल रही जहां मैं रह सकूं। मैं अपने उत्तराखंड से बेहद प्यार करता हूं। मेरी आपसे अपील है कि मुझे जमीन दिलवाने में मदद करें क्योंकि आज के समय में जमीन मिलना बहुत मुश्किल हो गया था। वहीं मुझे कुछ और जमीन भी मिलनी थी जो नहीं मिली हैं। मुझे ये जमीन उत्तराखंड को प्रमोट करने के लिए मिलनी थीं। मैं अपने पहाड़ी लोगों के साथ शिफ्ट होना चाहता हूं। कृपया इस मामले को देखें। तीन साल हो गए हैं और मुझे जमीन नहीं मिली है।

उन्होंने एक और पोस्ट लिखा कि अपने राज्य से देश का उच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए गिफ्ट मिलना अच्छा होगा, लेकिन अगर आप चाहें तो मैं सरकार से जमीन खरीद भी सकता हूं। कम से कम मेरा अपने राज्य में घर तो होगा।

सीएम धामी ने जताया मदद का भरोसा

ऋषभ पंत के इस दोनों ट्वीट को देखने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आश्वासन दिया है कहा कि मामले में संबंधित लोगों को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने पंत को एक्स पर जवाब देते हुए लिखा कि प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखंड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है। आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *