आपदा प्रबंधन केंद्र के  नए मुख्यालय का आज CM योगी करेंगे लोकार्पण

Uttar Pradesh: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूपीएसडीएमए) के नवीन मुख्यालय भवन का लोकार्पण करेंगे। लखनऊ के शहीद पथ स्थित डायल-112 मुख्यालय के निकट बने इस अत्याधुनिक भवन को आधुनिक तकनीक और उन्नत सुविधाओं से लैस आपदा प्रबंधन केंद्र के रूप में विकसित किया गया है. इसका उद्देश्य राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित बनाना है।

नवीन मुख्यालय में स्थापित किया गया राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र

नवीन मुख्यालय में  संचालित अत्याधुनिक राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र  स्थापित किया गया है, जिससे किसी भी प्राकृतिक या मानवजनित आपदा की स्थिति में त्वरित निगरानी, समन्वय और राहत कार्यों का संचालन किया जा सकेगा. इसके साथ ही भवन में डिजिटल कमांड, कंट्रोल एवं कोऑर्डिनेशन सेंटर भी विकसित किया गया है, जो विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करेगा और आपदा के समय निर्णय प्रक्रिया को अधिक तेज और प्रभावी बनाएगा।

प्रशिक्षण के लिए आधुनिक ऑडिटोरियम उपलब्ध

भवन में प्रशिक्षण और क्षमता विकास के लिए 200 से अधिक लोगों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम, क्लासरूम, लेक्चर हॉल, हॉस्टल और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. इन व्यवस्थाओं के माध्यम से आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य हितधारकों को नियमित प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे. लोकार्पण कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल तथा सरोजनीनगर से विधायक राजेश्वर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *