पेड़ से टकराकर गहरी खाई में पलटी कार,  तीन की मौत, दो घायल

Raebareli news: रायबरेली जिले के परशदेपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. किरहीनाला गोपालपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दो घायल हो गए.

हादसे में तीन की मौत, दो घायल

जानकारी के अनुसार सभी लोग बुलंदशहर से प्रतापगढ़ जा रहे थे. यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है. नगलिया बुलन्दशहर निवासी मुकेश (43) व उनके बेटे कुनाला और अलीगढ़ निवासी विष्णु ठाकुर सुबह रायबरेली स्टेशन पर बुलंदशहर से स्टेशन पर उतरे, इसके बाद तीनों लोग प्रतापगढ़ के लिए चल पड़े. इनको चंदन मिश्रा (23) व दिव्यांशु निवासी पूरे तिलकदास मजरे लखनपुरसूर जिला प्रतापगढ़ कार से लेकर जा रहे थे.

रास्ते में परशदेपुर रायबरेली रोड पर किरहीनाला गोपालपुर गांव के पास कार पेड़ से टकराने के बाद गहरी खाई में पलट गई. इसमें मुकेश कुमार, कुनाल व विष्णु ठाकुर की मौत हो गई. यह तीनों लोग कार में पीछे बैठे थे. जबकि कार चला रहे और आगे की सीट पर बैठे चंदन मिश्रा व दिव्यांशु घायल हो गए.

जांच में जुटी पुलिस

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे में पिता, पुत्र और उनके मामा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें:-मध्य प्रदेश विधानसभा में 2026–27 का बजट पेश, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई बड़े ऐलान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *